पदयात्रा कर मैहर मां विंध्यवासिनी के दर्शन के लिए पहुंचे श्रद्धालु

दैनिक भारती जयसिंहनग। देश भर में शारदेय नवरात्रि का पर्व बड़े ही धूमधाम और श्रद्धापूर्ण तरीके से मनाया जा रहा है। बात करें शहडोल जिले की तो यहां नवरात्रि पर्व पर आस्था घर-घर में दिखाई देती है। जगह-जगह पर मां भवानी की प्रतिमा की स्थापना कर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन एवं देवी जागरण के कार्यक्रम पूरे 10 दिनों तक बड़े ही धूमधाम से आयोजित किए जाते हैं। वहीं श्रद्धालु मां भवानी के मंदिरों में पूजन-अर्चन कर 09 दिनों मां नवदुर्गा का व्रत रखते हैं। विगत कई वर्षों से श्रद्धालु नवरात्रि पर्व पर मां शारदा के दर्शन हेतु बड़ी संख्या में मैहर के लिए रवाना होते हैं। विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी माता के भक्त हजारों की संख्या में पदयात्रा कर मैहर पहुंचे और मां विंध्यवासिनी का दर्शन प्राप्त किया। ऐसी मान्यता है कि मां शारदा सभी की मुरादें पूरी करती है। मुरादें पूरी होने पर भक्त, माता के दर्शन के लिए दूर-दूर से आते हैं। शहडोल जिले की बात करें तो जयसिंहनगर तहसील से सर्वाधिक संख्या में भक्त नवरात्रि पर्व पर मैहर मां शारदा के दर्शन के लिए पदयात्रा पर निकलते हैं। वहीं बुढ़ार क्षेत्र से भी श्रद्धालु मां के दर्शन के लिए पहुंचते हैं।

समाजसेवियों द्वारा श्रद्धालुओं के लिए की जाती है, समुचित व्यवस्थाएं

विगत कई वर्षों से चल रही आस्था की इस परंपरा को नगर के समाजसेवियों द्वारा एक नई ऊर्जा प्रदान की जा रही है। जहां श्रद्धालुओं के लिए भोजन एवं फलों की व्यवस्था जयसिंहनगर के समाजसेवियों द्वारा की जाती है। सूत्रों के मुताबिक विगत कुछ वर्षों में पदयात्रा करने वाले श्रद्धालुओं की संख्या में अत्यधिक वृद्धि हुई है। श्रद्धालुओं के अनुसार गांव से मैहर तक का सफ़र काफ़ी सुखद अनुभव प्रदान करता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *