
दैनिक भारती भोपाल। भारतीय प्रशासनिक सेवा के वरिष्ठ अधिकारी भरत यादव ने गुरुवार को मंत्रालय, वल्लभ भवन में सचिव जनसंपर्क विभाग का पदभार ग्रहण किया। पदभार ग्रहण समारोह के दौरान उप सचिव कैलाश बुन्देला ने नवागत सचिव का स्वागत किया। इस अवसर पर विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे। पदभार संभालने के बाद सचिव भरत यादव ने विभागीय कार्यों की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों से चर्चा की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनसंपर्क विभाग शासन और जनता के बीच महत्वपूर्ण कड़ी का कार्य करता है, इसलिए विभाग की गतिविधियों को और प्रभावी बनाने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। जनसंपर्क विभाग मध्य प्रदेश शासन की नीतियों, योजनाओं एवं उपलब्धियों का प्रचार-प्रसार करने के साथ ही जनमानस तक सही जानकारी पहुंचाने का महत्वपूर्ण दायित्व निभाता है। नए सचिव के पदभार ग्रहण के साथ विभाग के कार्यों में नई गति आने की उम्मीद जताई जा रही है।