
दैनिक भारती बिलासपुर। साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड बिलासपुर सीएसआर पहल प्रोजेक्ट उड़ान ने 33 युवतियों के सपनों को नई उड़ान दी है। छिंदवाड़ा स्थित अपैरल ट्रेनिंग एंड डिज़ाइन सेंटर (एटीडीसी) में प्रशिक्षण प्राप्त कर रही 33 युवतियों को देश की प्रतिष्ठित कंपनियों में रोजगार मिला है। एसईसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक हरीश दुहन के मार्गदर्शन एवं निदेशक (मानव संसाधन) बिरंची दास के नेतृत्व में संचालित यह पहल कौशल विकास के माध्यम से युवतियों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में बड़ी उपलब्धि है। चयनित युवतियों को शाही एक्सपोर्ट्स प्राइवेट लिमिटेड, बेंगलुरु तथा अरविंद फैशन (एम/एस वैल्यू फैशन रिटेल लिमिटेड), इंदौर में नियुक्ति के लिए ऑफर लेटर प्रदान किए गए। इनका चयन क्वालिटी कंट्रोलर, असिस्टेंट सुपरवाइजर, राइटर एवं स्मार्ट ऑपरेटर जैसे पदों पर हुआ है।
एक वर्ष के निःशुल्क प्रशिक्षण से रोजगार तक का सफर
ये युवतियां पिछले एक वर्ष से एसईसीएल के सीएसआर मद से संचालित प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत परिधान एवं वस्त्र उद्योग से जुड़ी आधुनिक तकनीकों तथा व्यावहारिक कार्य-कौशल का निःशुल्क प्रशिक्षण प्राप्त कर रही थीं। प्रशिक्षण के दौरान उन्हें उद्योग की आवश्यकताओं के अनुरूप तकनीकी दक्षता, उत्पादन प्रक्रियाओं, गुणवत्ता नियंत्रण का प्रशिक्षण दिया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य केवल कौशल प्रशिक्षण देना नहीं, बल्कि युवाओं, विशेषकर युवतियों को रोजगार के योग्य बनाकर आर्थिक रूप से सशक्त करना है। प्रतिष्ठित कंपनियों में 33 युवतियों का चयन इस प्रयास की सफलता को दर्शाता है।
बेटियों को मिला पहला रोजगार, अभिभावकों के लिए गर्व का क्षण
नियुक्ति पत्र वितरण के दौरान खुशी का माहौल देखने को मिला। अपनी पहली नौकरी का ऑफर लेटर पाकर युवतियों के चेहरे खिल उठे। सपनों को साकार होते देख उनके अभिभावकों की आंखों में भी गर्व और भावुकता झलक रही थी। यह न केवल इन युवतियों की व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि उनके परिवारों के आर्थिक एवं सामाजिक सशक्तिकरण की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम है।
कोरबा, गेवरा, बिश्रामपुर और सोहागपुर में जारी प्रशिक्षण
एसईसीएल द्वारा सीएसआर के अंतर्गत युवाओं को रोजगारोन्मुख कौशल प्रशिक्षण का अभियान निरंतर जारी है। वर्तमान में कोरबा, गेवरा, बिश्रामपुर एवं सोहागपुर में निःशुल्क कौशल प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित हो रहे हैं। जल्द ही रायगढ़ में भी एक नया प्रशिक्षण केंद्र प्रारंभ करने की योजना है। निदेशक (मानव संसाधन) बिरंची दास ने कहा कि एसईसीएल का प्रयास है कि स्थानीय युवाओं को उनकी रुचि और उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप प्रशिक्षण मिले, जिससे उनके परिवारों की आर्थिक स्थिति में भी सकारात्मक बदलाव आए। इस अवसर पर एडवाइजर (सीएसआर) सी.एम. वर्मा, एटीडीसी निदेशक डॉ. रुपाली शुक्ला, प्रबंधक (सीएसआर) श्रीमती किरण डहंगा, सेंटर हेड सतीश पटेल, संस्थान के फैकल्टी सदस्य तथा अभिभावक उपस्थित रहे।
