कोल इंडिया ने उत्खनन कार्य मे लगे  ठेकेदारी श्रमिकों के पारिश्रमिक व मंहगाई भत्ते मे भी   वृद्धि की, 12 अक्टूबर से नवीन दरें प्रभावी – श्रमिकों को   राहत

 

दैनिक भारती धनपुरी। साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड सोहागपुर क्षेत्र  कोल इंडिया लिमिटेड ने देश की कोयला खदानों में कार्यरत ठेकेदारी श्रमिकों को विजयादशमी पर्व पर महती सौगात दी है। प्रबन्धन ने खनन कार्यों में संलग्न ठेकेदारी श्रमिकों के दैनिक पारिश्रमिक में वृद्धि करते हुए नवीन परिवर्तनीय महँगाई भत्ते एवं दैनिक बढी मजदूरी को लागू कर दिया है। कम्पनी के मानव संसाधन एवं औद्योगिक सम्बन्ध विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार यह बढ़ोतरी 12 अक्टूबर 2026 से प्रभावी  मानी जायेगी। कोयला भवन कोलकाता से 12 अक्टूबर 2026 को कार्यालय आदेश क्रमांक सीआईएल/एमपीएंडआईआर/जेबीसीसीआई/जेसी/वीडीए/47 निर्गत किया गया है। यह आदेश सक्षम प्राधिकारी के अनुमोदन से महाप्रबन्धक (मानव संसाधन-औद्योगिक सम्बन्ध) एवं विभागाध्यक्ष (औद्योगिक सम्बन्ध) दुर्गा प्रसाद सामल द्वारा निर्गत किया गया है। इसके अनुसार संशोधित दरें 12 अक्टूबर 2026 से 31 मार्च 2027 तक लागू रहेंगी। प्रबन्धन ने यह निर्णय भारत सरकार के मुख्य श्रम आयुक्त (केन्द्रीय), श्रम एवं रोजगार मन्त्रालय नई दिल्ली के 30 सितम्बर 2026 के आदेश के आधार पर लिया है। मन्त्रालय द्वारा जारी अधिसूचना में अवगत कराया गया है कि औद्योगिक श्रमिकों हेतु मंहगाई भत्ता अखिल भारतीय औसत उपभोक्ता मूल्य सूचकांक 30 जून 2026 की स्थिति में 424.80 से बढ़कर 431.42 हो गया है। महँगाई सूचकांक में हुई इस वृद्धि के कारण ही परिवर्तनीय महँगाई भत्ते में संशोधन आवश्यक हो गया था। यह संशोधन 09 अगस्त 2023 को सम्पन्न संयुक्त द्विपक्षीय समिति (जेबीसीसीआई) की अनुशंसाओं के खण्ड तीन के अन्तर्गत किया गया है। कोल इंडिया लिमिटेड जो एक महारत्न कम्पनी है, उसमें प्रत्येक छह माह में महँगाई सूचकांक के आधार पर  ठेकेदारी श्रमिकों के मंहगाई भत्ते की समीक्षा की जाती है। इस निर्णय से एसईसीएल के धनपुरी, सोहागपुर, क्षेत्र जमुना-कोतमा, जुहिला हसदेव. बिश्रामपुर क्षेत्र सहित कोल इण्डिया की सभी आनुषंगिक कम्पनियों ईसीएल, बीसीसीएल, सीसीएल, डब्ल्यूसीएल, एनसीएल, एमसीएल तथा सीएमपी डीआईएल में कार्यरत लाखों ठेकेदारी श्रमिकों को प्रत्यक्ष लाभ प्राप्त होगा। धनपुरी-सोहागपुर क्षेत्र के कोयला खदानों, कोल परिवहन एवं ठेका कार्यों में लगे श्रमिकों में इस आदेश से हर्ष व्याप्त है।

12 अक्टूबर से प्रभावी नवीन निर्धारित दैनिक पारिश्रमिक दरें इस प्रकार हैं

अकुशल श्रेणी के श्रमिकों हेतु मूल पारिश्रमिक 1176 रुपये तथा परिवर्तनीय भत्ता 165 रुपये जोड़कर कुल 1341 रुपये प्रतिदिन देय होगा। अर्द्ध-कुशल एवं अकुशल पर्यवेक्षकीय श्रेणी हेतु मूल 1206 रुपये तथा भत्ता 169 रुपये सहित कुल 1375 रुपये, कुशल श्रमिकों हेतु मूल 1236 रुपये तथा भत्ता 173 रुपये सहित कुल 1409 रुपये तथा उच्च कुशल श्रमिकों हेतु मूल 1266 रुपये तथा भत्ता 177 रुपये सहित कुल 1443 रुपये प्रतिदिन पारिश्रमिक निर्धारित किया गया है।इस आदेश की प्रति निदेशक (कार्मिक), निदेशक (वित्त), मुख्य सतर्कता अधिकारी कोलकात्ता तथा सभी अनुषंगी कंम्पनियों के अध्यक्ष-सह-प्रबन्ध निदेशकों को प्रेषित की गई है। एसईसीएल सोहागपुर क्षेत्र के श्रमिक संगठन एटक यूनियन के अध्यक्ष राबेंन्द्र शुक्ला सचिव राजेश चंद शर्मा ने इस वृद्धि का स्वागत करते हुए इसे महँगाई के दौर मे राहतकारी कादम बताया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *