सरफा डैम परिसर में सेवा संकल्प अभियान के तहत वृक्षारोपण, एक पेड़ माँ के नाम का दिया संदेश

दैनिक भारती शहडोल। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत शहडोल नगर पालिका परिषद द्वारा सरफा डैम परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सहभागिता करते हुए पौधारोपण किया गया तथा प्रकृति के संरक्षण एवं संवर्धन में सहभागी बनने का संकल्प लिया गया।कार्यक्रम में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी एवं प्रभारी कलेक्टर शिवम प्रजापति, पुलिस अधीक्षक डॉ. संजय कुमार अग्रवाल, सेवा संकल्प अभियान के जिला संयोजक भूपेंद्र मिश्रा, जिला उपाध्यक्ष संतोष कुमार लोहानी एवं मनोज गुप्ता, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष प्रियम त्रिपाठी, एसडीएम श्रीमती अमृता गर्ग तथा नगरपालिका शहडोल के सीएमओ अमित तिवारी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, नगरपालिका के अधिकारी एवं इंजीनियर उपस्थित रहे। इस अवसर पर परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपे गए। अतिथियों ने कहा कि बढ़ते पर्यावरणीय असंतुलन के दौर में वृक्षारोपण समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। पेड़ न केवल शुद्ध वायु और छाया प्रदान करते हैं, बल्कि जल संरक्षण, मिट्टी की उर्वरता और जैव विविधता को बनाए रखने में भी अहम भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि सरफा डैम जैसे प्राकृतिक स्थलों पर हरियाली बढ़ने से न केवल सौंदर्य में वृद्धि होगी, बल्कि यह स्थान नागरिकों के लिए और अधिक आकर्षक एवं सुखद बनेगा। कार्यक्रम के दौरान एक पेड़ माँ के नाम अभियान के तहत हरियाली का संदेश जन-जन तक पहुँचाने का आह्वान किया गया। वक्ताओं ने कहा कि माँ के नाम पौधा लगाना श्रद्धा और संस्कार का प्रतीक है, साथ ही यह आने वाली पीढ़ियों के लिए हरित एवं स्वस्थ भविष्य की नींव भी है। सभी नागरिकों से अपील की गई कि वे अपनी माँ के नाम एक पौधा अवश्य लगाएँ और उसकी देखभाल की जिम्मेदारी भी निभाएँ। अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने नागरिकों से सेवा संकल्प अभियान से जुड़कर पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और सामाजिक सेवा के कार्यों में बढ़-चढ़कर भागीदारी करने का आग्रह किया। कार्यक्रम के अंत में रोपे गए पौधों की सुरक्षा एवं नियमित देखभाल का संकल्प भी दिलाया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *