कोल ब्लॉकों से संबंधित महत्वपूर्ण बैठक संपन्न, कोल ब्लॉकों से जुड़े कार्यों में तेजी लाने तथा शासन के नियमों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश


उमरिया/शहडोल। कमिश्नर शहडोल संभाग श्रीमती सुरभि गुप्ता की अध्यक्षता में कलेक्टर सभागार उमरिया में कोल ब्लॉकों से संबंधित महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में कोल ब्लॉकों के संचालन, विकास कार्यों, भूमि संबंधी विषयों तथा लंबित प्रकरणों की विस्तार से समीक्षा की गई। कमिश्नर ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए सभी कार्यों में तेजी लाने तथा शासन द्वारा निर्धारित नियमों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कोयला खनन से जुड़े कार्यों में पर्यावरण संरक्षण, स्थानीय हितों तथा जनसुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाए।
बैठक में सभी कोल ब्लॉकों द्वारा विद्युत आपूर्ति के लिए 132 केव्ही सब स्टेशन की आवश्यकता से अवगत कराया गया। कमिश्नर ने इस संबंध में वरिष्ठ कार्यालय से समन्वय स्थापित कर समस्या का निराकरण कराने के निर्देश दिए। इसी प्रकार कॉमन रेलवे साइडिंग से कोल निकालकर परिवहन करने में आ रही समस्याओं से भी अवगत कराया गया। कमिश्नर ने वरिष्ठ अधिकारियों से चर्चा कर समस्याओं का निराकरण कराने का आश्वासन दिया।
वन विभाग से संबंधित विषयों में स्टेज-1 फॉरेस्ट क्लियरेंस तथा फॉरेस्ट एनओसी के संबंध में भी जानकारी दी गई। वनमंडलाधिकारी ने आवश्यक सहयोग प्रदान करने का आश्वासन दिया। साथ ही जिन प्रकरणों की रिपोर्ट लंबित है, उन्हें आगामी मंगलवार तक उपलब्ध कराने की बात कही गई।
बैठक में बताया गया कि रामा कोल ब्लॉक ओपन कास्ट है, जिसके अंतर्गत चार ग्राम कांचोदर, रौगढ़, आमगार एवं औढ़ेरा को विस्थापित किया जाएगा। इस संबंध में कमिश्नर श्रीमती सुरभि गुप्ता ने निर्देश दिए कि जिन कोल ब्लॉकों को भूमि की आवश्यकता है, वे ग्रामीणों से सतत संवाद स्थापित करें तथा उन्हें पूरी प्रक्रिया से अवगत कराते हुए उनकी सहमति प्राप्त कर प्रकरण में आगे की कार्यवाही करें। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों को परियोजना के अंतर्गत उपलब्ध कराई जाने वाली सुविधाओं तथा किए गए प्रावधानों की स्पष्ट जानकारी दी जाए, ताकि उन्हें पूरी प्रक्रिया की जानकारी रहे।
बैठक में कलेक्टर श्रीमती राखी सहाय, वनमंडलाधिकारी श्री विवेक सिंह सहित कोल ब्लॉकों के संचालक एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *