पीहू कुशवाहा ने कम उम्र में तकनीकी प्रतिभा से बनाई अलग पहचान

खुशियो की दास्तॉ


दैनिक भारती शहडोल। केंद्रीय विद्यालय शहडोल में अध्यनरत शहडोल की रहने वाली 15 वर्षीय छात्रा पीहू कुशवाहा ने कम उम्र में अपनी तकनीकी प्रतिभा और नवाचार की सोच से एक अलग पहचान बनाई है। कोडिंग, वेबसाइट डिजाइनिंग एवं आधुनिक तकनीक में विशेष रुचि रखने वाली पीहू ने अपनी तकनीकी क्षमता को वास्तविक व्यवसायिक उपयोग में बदलते हुए अपना स्टार्टअप शुरू किया है।

पीहू ने “आरोग्य आहार” नाम से डिजिटल प्लेटफॉर्म/व्यवसायिक वेबसाइट तैयार की है, जिसके माध्यम से फल, जूस, ड्राई फ्रूट्स तथा अन्य पौष्टिक खाद्य पदार्थों से जुड़े स्थानीय व्यवसाय को डिजिटल पहचान मिल रही है। वेबसाइट को स्थानीय स्तर पर व्यवसाय के उपयोग में भी लिया जा रहा है।

पीहू ने वेबसाइट डिजाइनिंग एवं कोडिंग के अपने ज्ञान को केवल शैक्षणिक अभ्यास तक सीमित नहीं रखा, बल्कि उसे वास्तविक व्यवसायिक समाधान के रूप में विकसित किया। कम उम्र में स्टार्टअप की दिशा में यह कदम उनकी तकनीकी समझ, रचनात्मक सोच और आत्मनिर्भर बनने की भावना को दर्शाता है।
पीहू को कोडिंग, वेबसाइट डिजाइनिंग और नई तकनीकों में विशेष रुचि है। वह लगातार अपने तकनीकी ज्ञान को विकसित कर रही हैं और भविष्य में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, साइबर सिक्योरिटी तथा अन्य आधुनिक तकनीकी क्षेत्रों में कार्य करने की दिशा में आगे बढ़ रही हैं।

पीहू की उपलब्धि शहडोल के विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक है। उनका प्रयास यह संदेश देता है कि छोटे शहरों के विद्यार्थी भी यदि अपनी रुचि के क्षेत्र में लगातार सीखें, प्रयोग करें और तकनीक को वास्तविक जीवन की जरूरतों से जोड़ें, तो कम उम्र में ही उल्लेखनीय कार्य कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *