
दैनिक भारती शहडोल। मध्य प्रदेश संस्कृति विभाग एवं एकात्म धाम के तत्वावधान में आयोजित दस दिवसीय अद्वैत वेदान्त शिविर का सफल आयोजन केरल के वेलियानाड आदि गुरु शंकराचार्य की जन्मस्थली में संपन्न हुआ। इस राष्ट्रीय स्तर के शिविर में देशभर से विभिन्न चयन चरणों के बाद 18 से 32 वर्ष आयु वर्ग के केवल 41 युवाओं का चयन किया गया था। इन चयनित प्रतिभागियों में मध्य प्रदेश के शहडोल जिले की प्राप्ति सोनी ने सबसे कम उम्र की प्रतिभागी के रूप में सहभागिता करते हुए जिले और प्रदेश का गौरव बढ़ाया। शिविर के दौरान उन्होंने आदि गुरु शंकराचार्य द्वारा रचित प्रसिद्ध ग्रंथ भज गोविन्दम् का गहन अध्ययन किया तथा अद्वैत वेदान्त और भारतीय आध्यात्मिक परंपरा का प्रशिक्षण प्राप्त किया। प्राप्ति सोनी ने दस दिवसीय शिविर सफलतापूर्वक पूर्ण कर आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक ज्ञान अर्जित किया। शिविर पूर्ण होने के उपरांत उन्हें शीघ्र ही शंकरदूत की उपाधि से भी सम्मानित किया जाएगा। शहडोल की इस उपलब्धि ने जिले के साथ-साथ पूरे मध्य प्रदेश का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है। प्राप्ति सोनी की इस सफलता पर क्षेत्रवासियों एवं शुभचिंतकों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएँ दी ।