ग्राम पंचायत ओढेरा में विशेष लोक अदालत एवं विधिक साक्षरता शिविर हुआ आयोजित

दैनिक भारती अनूपपुर। मप्र राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के निर्देशानुसार तथा प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अनूपपुर माया विश्वलाल के मार्गदर्शन में शुक्रवार को ग्राम पंचायत ओढेरा में विशेष लोक अदालत एवं विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया।कार्यक्रम का संचालन जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव रावेंद्र कुमार सोनी के निर्देशन में किया गया। शिविर में जिला विधिक सहायता अधिकारी बृजेश पटेल ने ग्रामीणों को विशेष लोक अदालत के माध्यम से आपसी समझौते के आधार पर विवादों के त्वरित,सरल एवं निःशुल्क निराकरण की जानकारी दी।उन्होंने मोटर दुर्घटना दावा,बैंक ऋण,विद्युत,पारिवारिक विवाद, श्रम एवं राजीनामा योग्य आपराधिक प्रकरणों सहित विभिन्न मामलों के लोक अदालत में निस्तारण के लाभों से भी अवगत कराया। इस दौरान ग्रामीणों को निःशुल्क विधिक सहायता, महिला एवं बाल अधिकार,वरिष्ठ नागरिकों के अधिकार तथा विभिन्न जनकल्याणकारी कानूनों की जानकारी प्रदान की गई।साथ ही उपस्थित नागरिकों की विधिक जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए उन्हें समय-समय पर आयोजित होने वाले विधिक जागरूकता कार्यक्रमों में सहभागिता के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में प्रभारी ग्राम पंचायत सचिव संजय मिश्रा, सरपंच श्याम बाई,पीएलवी रामखेलावन पटेल, आंगनवाड़ी एवं आशा कार्यकर्ता सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *