
दैनिक भारती शहडोल। जिले के उभरते कलाकार एन राघवेंद्र ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का परचम लहराते हुए प्रतिष्ठित टीवी रियलिटी शो इंडियाज टैलेंट आर फाइट में स्थान बनाया है। उनके कार्यक्रम का प्रसारण 15 जुलाई को एंडटीवी चैनल पर किया जाएगा। इस उपलब्धि से शहडोल सहित पूरे क्षेत्र में हर्ष का माहौल है। एन. राघवेंद्र ने बताया कि इस मंच तक पहुंचना उनके लिए लंबे संघर्ष, निरंतर मेहनत और आत्मविश्वास का परिणाम है। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, गुरुजनों, शुभचिंतकों तथा उन सभी लोगों को दिया, जिन्होंने हर कदम पर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने जिलेवासियों एवं अपने सभी शुभचिंतकों से अपील की है कि 15 जुलाई को एंडटीवी पर प्रसारित होने वाले उनके कार्यक्रम को अवश्य देखें तथा अपना स्नेह, आशीर्वाद और समर्थन बनाए रखें। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि दर्शकों का प्यार और प्रोत्साहन उन्हें आगे भी बेहतर प्रदर्शन करने की प्रेरणा देगा। एन. राघवेंद्र की इस उपलब्धि पर उनके प्रशंसकों, मित्रों एवं क्षेत्र के लोगों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। यह उपलब्धि न केवल उनके लिए बल्कि पूरे शहडोल जिले के लिए भी गर्व का विषय मानी जा रही है।