
दैनिक भारती धनपुरी। सावन के पावन महीने में धनपुरी एक बार फिर शिवमय होने जा रहा है। नगर के श्री राधा कृष्ण मंदिर में 30 जुलाई से 12 अगस्त तक आयोजित होने वाले भव्य पार्थिव शिवलिंग निर्माण, रुद्राभिषेक, शिव महापुराण कथा एवं विविध धार्मिक अनुष्ठानों को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। आयोजन का जिम्मा संभाल रही संकल्प सेवा समिति के सदस्य पूरे उत्साह के साथ व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटे हैं। मंदिर परिसर की साज-सज्जा, श्रद्धालुओं की सुविधा, कथा पंडाल, पूजन सामग्री और अन्य व्यवस्थाएं तेजी से की जा रही हैं। आयोजन के अंतर्गत 2 अगस्त से 10 अगस्त तक प्रतिदिन सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक पार्थिव शिवलिंग निर्माण एवं रुद्राभिषेक होगा। वहीं प्रतिदिन शाम 4 बजे से हरि इच्छा तक सुप्रसिद्ध कथावाचक आचार्य विवेक तिवारी श्रद्धालुओं को शिव महापुराण की अमृतमयी कथा का रसपान कराएंगे। धार्मिक आयोजन में नगर सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। धार्मिक महोत्सव का शुभारंभ 1 अगस्त को दोपहर 3 बजे निकलने वाली भव्य कलश शोभायात्रा से होगा। शोभायात्रा श्री राधा कृष्ण मंदिर से प्रारंभ होकर मुख्य चैराहा और ज्वालामुखी मंदिर मार्ग से होते हुए पुनः मंदिर पहुंचेगी। इसके बाद 8 अगस्त को ज्वालामुखी मंदिर से श्री राधा कृष्ण मंदिर तक कांवड़ यात्रा निकाली जाएगी, जिसमें शिवभक्त पवित्र जल लेकर भगवान भोलेनाथ का अभिषेक करेंगे। आयोजन के समापन अवसर पर 10 अगस्त को पार्थिव शिवलिंग विसर्जन शोभायात्रा, वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हवन एवं पूर्णाहुति होगी। इसके बाद 11 अगस्त को दोपहर 12 बजे से शाम 5 बजे तक विशाल भंडारा एवं प्रसाद वितरण का आयोजन किया जाएगा, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं के प्रसाद ग्रहण करने की संभावना है। संकल्प सेवा समिति ने नगरवासियों से अपील की है कि वे अपने परिवार सहित आयोजन में शामिल होकर भगवान शिव का पूजन-अर्चन करें और धार्मिक अनुष्ठानों का पुण्य लाभ प्राप्त करें। सावन माह में आयोजित यह धार्मिक महोत्सव न केवल श्रद्धा और आस्था का केंद्र बनेगा, बल्कि पूरे क्षेत्र में आध्यात्मिक वातावरण का संचार भी करेगा। आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है और नगर में अभी से ष्हर-हर महादेवष् तथा ष्ॐ नमः शिवायष् के जयघोष गूंजने लगे हैं।