
दैनिक भारती अमलाई। नगर परिषद बरगवां-अमलाई के वार्ड क्रमांक 9 अंतर्गत रंजीत दफाई यादव मोहल्ला के रहवासियों लंबे समय से पेयजल संकट की मार झेल रहे थे। इस मोहल्ले में अब नियमित जलापूर्ति शुरू हो गई है। नगर परिषद द्वारा मूलचंद महरा के घर के समीप कराए गए नए बोरवेल को पाइपलाइन के माध्यम से रंजीत दफाई से जोड़ दिया गया है। बोरवेल में 3 एचपी की मोटर स्थापित किए जाने के बाद अब मोहल्ले के घरों तक पानी पहुंचने लगा है। इस कार्य के पीछे वार्ड क्रमांक 9 की पार्षद एवं नगर परिषद की नेता प्रतिपक्ष अर्चना अजय यादव की लगातार की गई पहल और प्रयासों को क्षेत्रवासी इस सफलता का प्रमुख कारण मान रहे हैं। रंजीत दफाई में पेयजल संकट कोई नई समस्या नहीं थी। स्थानीय लोगों के अनुसार यह परेशानी उस समय से चली आ रही थी, जब यह क्षेत्र ग्राम पंचायत देवहरा के अधीन था। समय बदला, प्रशासनिक ढांचा बदला और क्षेत्र नगर परिषद बरगवां-अमलाई में शामिल हो गया, लेकिन लोगों की सबसे बड़ी समस्या जस की तस बनी रही। कई बार गर्मी के मौसम में जलसंकट इतना गहरा जाता था कि सुबह होने से पहले ही महिलाएं और बच्चे पानी के बर्तनों के साथ घरों से निकल पड़ते थे। कई परिवारों को एक से दो किलोमीटर दूर तक जाकर पानी लाना पड़ता था। कई बार घंटों इंतजार के बाद भी पर्याप्त पानी नहीं मिल पाता था, जिससे घरेलू कामकाज, बच्चों की पढ़ाई और दैनिक जीवन प्रभावित होता था। जलापूर्ति शुरू होने के बाद पूरे मोहल्ले में खुशी का माहौल है।