
दैनिक भारती अनूपपुर। मेहनत,लगन और निरंतर प्रयास से सफलता की नई इबारत लिखते हुए अनूपपुर जिले में पदस्थ मत्स्य निरीक्षक सचिन मरावी का चयन मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित सहायक प्राध्यापक परीक्षा-2022 के माध्यम से सहायक प्राध्यापक (प्राणी शास्त्र) के पद पर चयन हुआ है। वर्तमान में सचिन मरावी अनूपपुर जिले में मत्स्य निरीक्षक के पद पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं,अब उनका चयन शासकीय स्नातक महाविद्यालय,नैनपुर मंडला में सहायक प्राध्यापक प्राणी शास्त्र के पद पर हुआ है। यह उपलब्धि उनकी वर्षों की मेहनत, अनुशासन और शिक्षा के प्रति समर्पण का परिणाम मानी जा रही है। सचिन मरावी की सफलता इस बात का उदाहरण है कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और उसे पाने का दृढ़ संकल्प हो, तो नौकरी के साथ भी प्रतियोगी परीक्षाओं में उत्कृष्ट सफलता प्राप्त की जा सकती है। उनके शुभचिंतको ने उनकी इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी है। सभी ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विश्वास जताया कि वे शिक्षा के क्षेत्र में भी अपनी प्रतिभा और अनुभव से विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करेंगे तथा समाज और प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।