
दैनिक भारती उमरिया। डिजिटल युग में बढ़ते साइबर अपराधों से नागरिकों को सुरक्षित रखने के उद्देश्य से पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशन अनुसार सेफ क्लिक 2.0 साइबर जागरूकता अभियान के तहत उमरिया पुलिस अधीक्षक विजय भागवानी व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आलोक शर्मा की मार्गदर्शन पर उमरिया कोतवाली थाना प्रभारी मदनलाल मरावी की उपस्थिति में उमरिया ग्राम पंचायत चंदवार में साइबर चैपाल आयोजित की गई।अभियान के पांचवें दिवस ग्रामीणों को ऑनलाइन ठगी के नए तरीकों और उनसे बचाव के उपायों की विस्तृत जानकारी दी गई। साइबर चैपाल के दौरान उमरिया पुलिस कोतवाली थाना प्रभारी मदनलाल मरावी ने फर्जी कॉल, केवाईसी अपडेट के नाम पर ठगी, ओटीपी फ्रॉड, यूपीआई फ्रॉड, डिजिटल अरेस्ट, निवेश एवं टास्क फ्रॉड जैसे तेजी से बढ़ रहे साइबर अपराधों के बारे में जागरूक किया। साथ ही सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने, किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ बैंकिंग जानकारी या ओटीपी साझा न करने तथा संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचने की सलाह दी। ग्रामीणों को बताया गया कि साइबर धोखाधड़ी की स्थिति में तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 पर संपर्क करें, साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं, संबंधित बैंक को तुरंत सूचना देकर खाता या यूपीआई ब्लॉक कराएं तथा स्क्रीनशॉट, कॉल रिकॉर्ड और ट्रांजेक्शन आईडी जैसे डिजिटल साक्ष्यों को सुरक्षित रखें।उमरिया पुलिस ने अभियान के माध्यम से ग्राम स्तर तक साइबर सुरक्षा का संदेश पहुंचाते हुए नागरिकों से सतर्क और जागरूक डिजिटल व्यवहार अपनाने की अपील की। पुलिस का उद्देश्य जिले के प्रत्येक नागरिक को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक बनाकर सुरक्षित एवं सशक्त डिजिटल समाज का निर्माण करना है। चैपाल समापन में युवा टीम संयोजक हिमांशु तिवारी के द्वारा साइबर जागरूकता शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम के दौरान उमरिया कोतवाली थाना प्रभारी मदनलाल मरावी,सहायक उपनिरीक्षक इन्द्रभान पटेल, नगर रक्षा समिति सदस्य हिमांशु तिवारी, राहुल सिंह, अभिनव द्विवेदी,श्रीराम तिवारी, ग्रामीण चंद्रभान सिंह,सुधांशु, अवनीश कोल, माधव व समस्त ग्रामीण उपस्थित रहे।