महाराजा मार्तण्ड महाविद्यालय कोतमा में प्रवेश उत्सव का आगाज, मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता और एंटी-रैगिंग पर रहा विशेष जोर

दैनिक भारती कोतमा। शासकीय महाराजा मार्तण्ड महाविद्यालय कोतमा में नवागंतुक विद्यार्थियों हेतु प्रवेश उत्सव 2026 के अंतर्गत तीन दिवसीय अभिमुखीकरण (इंडक्शन) कार्यक्रम के प्रथम दिवस का शुभारम्भ किया गया, जिसमें मानसिक स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता गतिविधियों को विशेष रूप से सम्मिलित किया गया। यह कार्यक्रम आयुक्त, उच्च शिक्षा मध्यप्रदेश के निर्देशानुसार राष्ट्रीय कार्यबल की गाइडलाइंस के आधार पर आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारम्भ दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। प्राचार्य मोहम्मद मोबीन ने अपने स्वागत भाषण में नवप्रवेशित विद्यार्थियों का महाविद्यालय परिवार में हार्दिक स्वागत करते हुए उन्हें महाविद्यालय की शैक्षणिक एवं सह-शैक्षणिक गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता हेतु प्रोत्साहित किया। उन्होंने विद्यार्थियों के समग्र विकास में मानसिक स्वास्थ्य के महत्व पर बल देते हुए कहा कि स्वस्थ मस्तिष्क ही सफल शैक्षणिक जीवन की आधारशिला है। मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता सत्र हेतु सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, कोतमा से पधारीं काउंसलर डॉ. शीतल केसरवानी ने विशेषज्ञ वक्ता के रूप में विद्यार्थियों को संबोधित किया। उन्होंने तनाव, अवसाद के लक्षणों तथा समय रहते सहायता लेने के महत्व के बारे में विस्तार से चर्चा की तथा किसी भी प्रकार की मानसिक उलझन की स्थिति में झिझक छोड़कर सहायता लेने हेतु विद्यार्थियों को प्रेरित किया। एंटी-रैगिंग समिति प्रभारी द्वारा एंटी-रैगिंग अभिमुखीकरण सत्र आयोजित किया गया, जिसमें विद्यार्थियों को जीरो टॉलरेंस पालिसी तथा रैगिंग से संबंधित दंडात्मक प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी गई। चायध्अल्पाहार विश्राम के पश्चात प्रवेश प्रभारी एवं कार्यक्रम संयोजक डॉ. बीरेन्द्र सिंह ने विद्यार्थियों को काउंसलिंग व्यवस्था, मेंटर-मेंटी प्रणाली तथा शिकायत निवारण प्रकोष्ठ एवं आंतरिक परिवाद समिति से अवगत कराया एवं संबंधित सदस्यों से विद्यार्थियों का परिचय कराया। कार्यक्रम में डॉ. मीना मिश्रा, क्रीड़ाधिकारी, डॉ. गिरेन्द्र शर्मा, सहायक प्राध्यापक राजनीति विज्ञान, नम्रता बघेल, सहायक प्राध्यापक वाणिज्य एवं राकेश गर्ग, जनभागीदारी शिक्षक कंप्यूटर एप्लीकेशन भी उपस्थित रहे। प्रथम दिवस के कार्यक्रम का समापन दिवस की प्रमुख बातों के सारांश एवं प्रश्नोत्तर सत्र के साथ किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने भाग लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *