शिक्षक गोवर्धन कुशवाहा हुए सेवानिवृत, दी विदाई शिक्षकीय सेवा की सभी ने की सराहना

दैनिक भारती शहडोल।  शिक्षा के क्षेत्र में चार दशक तक अपनी निष्ठा, अनुशासन और समर्पण से विद्यार्थियों का भविष्य संवारने वाले विकासखंड सोहागपुर के शासकीय एकीकृत उच्चतर माध्यमिक विद्यालय ऐंताझर में पदस्थ उच्च श्रेणी शिक्षक गोवर्धन प्रसाद कुशवाहा 30 जून को शासकीय सेवा से सेवानिवृत्त हो गए। 40 वर्षों की गौरवपूर्ण एवं निष्कलंक सेवा पूर्ण करने पर विद्यालय परिवार द्वारा उनके सम्मान में गरिमामय विदाई समारोह आयोजित किया गया, जिसमें शिक्षकों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं क्षेत्रवासियों ने उनके योगदान को भावभीनी श्रद्धा के साथ याद करते हुए पुष्पाहार से स्वागत करते हुए उनका साल श्रीफल एवं प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम में भाजपा के पूर्व जिला उपाध्यक्ष सुशील शर्मा, सिंहपुर संकुल प्रभारी डीसी शुक्ला, भाजपा मंडल अध्यक्ष राकेश कुशवाहा, सरपंच मैकू बैगा, विद्यालय के प्रधानाचार्य चांद सिंह पट्टावी, पूर्व शिक्षक सूर्य प्रसाद शर्मा, हरिशंकर शुक्ला, आरडी पांडेय, अनुराग द्विवेदी, उपसरपंच अनिल साहू सहित अन्य अतिथि मंचासीन रहे। सभी वक्ताओं ने अपने संबोधन में कहा कि गोवर्धन कुशवाहा ने अपने पूरे सेवाकाल में शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक एवं धार्मिक गतिविधियों में भी सक्रिय भूमिका निभाई और सदैव विद्यार्थियों तथा समाज के लिए प्रेरणास्रोत बने रहे। समारोह को संबोधित करते हुए सुशील शर्मा, राकेश कुशवाहा, ऋषि पांडे, संतोष शर्मा, राजन सिंह, अख्तर हुसैन, बृजेंद्र गुप्ता, चांद सिंह पट्टावी, अनुराग द्विवेदी, रेणुका शुक्ला सहित अन्य वक्ताओं ने उनके उत्कृष्ट कार्यों की सराहना की तथा स्वस्थ, सुखद एवं दीर्घायु जीवन की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम की शुरुआत श्रद्धापूर्वक मानस पाठ से हुई। विदाई समारोह में सिंहपुर संकुल एवं आसपास के विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाएं, पूर्व शिक्षक, जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, छात्र-छात्राएं तथा विद्यालय परिवार के राजन वंशियार, राजेंद्र साहू, ज्ञानेंद्र साहू, अभिलाषा मिश्रा, ग्राम पंचायत ऐंताझर के सरपंच, उपसरपंच सहित सभी उपस्थित स्नेही जनों ने सेवानिवृत्त शिक्षक गोवर्धन कुशवाहा को शाल श्रीफल एवं प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम का संचालन शिक्षक संघ के जिला अध्यक्ष लालजी तिवारी ने किया। सेवानिवृत्ति के उपलक्ष्य में गोवर्धन प्रसाद कुशवाहा ने अपने निज निवास सिंहपुर में अखंड रामचरितमानस पाठ का आयोजन कराया। 1 जुलाई को पाठ के समापन अवसर पर स्नेह भोज आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ संकुल प्राचार्य डी.सी. शुक्ला ने विधिवत मंत्रोच्चारण के साथ कराया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं, ईष्ट मित्र, परिजन एवं रिश्तेदार उपस्थित रहे और सभी ने उनके स्वस्थ, सुखमय एवं यशस्वी जीवन की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *