एमओयू के माध्यम से विद्यार्थियों को मिलेगा कौशल विकास के नए अवसर

Oplus_16908288

दैनिक भारती अनूपपुर।  शिक्षा एवं स्वास्थ्य के क्षेत्र में विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य को ध्यान में रखते हुए पीआरटी महाविद्यालय,अनूपपुर एवं जीवन ज्योति सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल,अम्बिकापुर (छत्तीसगढ़) के मध्य मेमोरेंडम ऑफ अंडरस्टैंडिंग पर हस्ताक्षर किए गए। इस महत्वपूर्ण समझौते का उद्देश्य महाविद्यालय में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण क्लीनिकल प्रशिक्षण,व्यावहारिक ज्ञान,आधुनिक चिकित्सा पद्धतियों का अनुभव तथा रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है। इस अवसर पर पीआरटी महाविद्यालय के डायरेक्टर डॉ.देवेन्द्र कुमार तिवारी ने कहा कि “आज के प्रतिस्पर्धी दौर में केवल सैद्धांतिक शिक्षा पर्याप्त नहीं है।विद्यार्थियों को व्यवहारिक ज्ञान,आधुनिक तकनीकों का अनुभव तथा श्रेष्ठ संस्थानों में प्रशिक्षण उपलब्ध कराना हमारी प्राथमिकता है।यह एमओयू विद्यार्थियों के करियर को नई दिशा देगा और उन्हें स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट अवसर प्राप्त होंगे।हमारा उद्देश्य प्रत्येक विद्यार्थी को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ बेहतर भविष्य प्रदान करना है। जीवन ज्योति सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल की संचालिका संध्या सिंह ने कहा कि “स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में दक्ष, संवेदनशील एवं कुशल नर्सिंग तथा पैरामेडिकल प्रोफेशनल तैयार करना समय की आवश्यकता है। पीआरटी महाविद्यालय के विद्यार्थियों को हमारे संस्थान में आधुनिक चिकित्सा व्यवस्था के बीच प्रशिक्षण प्राप्त होगा,जिससे उनकी कार्यकुशलता एवं आत्मविश्वास में वृद्धि होगी। एमओयू के तहत विद्यार्थियों को हॉस्पिटल में नियमित क्लीनिकल प्रशिक्षण,व्यावहारिक अनुभव,विशेषज्ञ चिकित्सकों एवं अनुभवी नर्सिंग स्टाफ के मार्गदर्शन में सीखने का अवसर प्राप्त होगा।इसके साथ ही भविष्य में इंटर्नशिप,रोजगार,कौशल विकास,अनुसंधान,शैक्षणिक गतिविधियों एवं विभिन्न प्रशिक्षण कार्यक्रमों में भी दोनों संस्थानों के मध्य सहयोग सुनिश्चित किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *