
दैनिक भारती धनपुरी। दक्षिण पूर्वी कोलफील्ड्स लिमिटेड मुख्यालय बिलासपुर में मंगलवार, 30 जून का दिन भावनाओं, सम्मान और गौरव का साक्षी बना। वर्षों तक अपनी निष्ठा, ईमानदारी और कर्मठता से संस्था की प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले नौ अधिकारी एवं कर्मचारियों को गरिमामय समारोह में सम्मानपूर्वक विदाई दी गई। मुख्यालय स्थित सीएमडी कक्ष में आयोजित कार्यक्रम में सेवानिवृत्त कर्मियों को शाल, श्रीफल एवं पुष्पहार से सम्मानित कर उनके समस्त सेवानिवृत्ति देयकों का चेक सौंपा गया तथा स्वस्थ, सुखद एवं सम्मानपूर्ण जीवन की शुभकामनाएं दी । इसके उपरांत मुख्यालय प्रशासनिक भवन के कॉन्फ्रेंस हॉल में आयोजित सम्मान समारोह में निदेशक तकनीकी (संचालन) एन. फ्रैंकलिन जयकुमार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में निदेशक (एचआर) बिरंची दास, निदेशक तकनीकी योजनाध्परियोजना रमेश चन्द्र महापात्र, विभिन्न विभागाध्यक्ष, श्रमिक संगठनों के प्रतिनिधि, अधिकारी एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में मौजूद रहे। सभी ने सेवानिवृत्त साथियों के कार्यकाल को याद करते हुए उनके योगदान की सराहना की। समारोह में महाप्रबंधक सिविल भानु सिंह, मुख्य प्रबंधक उत्खनन शैवाल सक्सेना, प्रबंधक मास कम्युनिकेशन एवं लोक सूचना विभाग मनीष कुमार जूलियट, उप प्रबंधक सर्वे भू-राजस्व विभाग संजय कुमार चौधरी, वरिष्ठ वैयक्तिक सहायक राजभाषा जनसंपर्क विभाग सुधीर कुमार सिंह, कार्यालय अधीक्षक प्रशासन विभाग विजय कुमार झा, वरीय सुरक्षा निरीक्षक सुरक्षा विभाग प्रमोद कुमार राही, असिस्टेंट सुपरवाइजर परिवहन विभाग नारायण प्रसाद शर्मा तथा सुरक्षा उप निरीक्षक नरेश कुमार ढीमर को सम्मानित किया गया। अधिकारियों ने अपने संबोधन में कहा कि किसी भी संगठन की असली ताकत उसके कर्मचारी होते हैं। एसईसीएल की उपलब्धियों में सेवानिवृत्त होने वाले इन अधिकारियों एवं कर्मचारियों का योगदान सदैव याद रखा जाएगा। उन्होंने अपने लंबे सेवाकाल में अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और उत्कृष्ट कार्य संस्कृति का परिचय दिया, जो नई पीढ़ी के कर्मचारियों के लिए प्रेरणा का स्रोत रहेगा। कार्यक्रम का संचालन एवं सेवानिवृत्त कर्मियों का परिचय प्रबंधक राजभाषा सविता निर्मलकर ने किया। समारोह के अंत में उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सेवानिवृत्त साथियों को भावभीनी विदाई देते हुए उनके उज्ज्वल, स्वस्थ एवं सुखमय भविष्य की कामना की।