सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत फलदार एवं छायादार पौधों का रोपण

 

दैनिक भारती बुढार। जनपद पंचायत के अन्तर्गत चन्नौड़ी मे सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक के मार्गदर्शन में नवांकुर संस्था द्वारा   ग्राम चन्नौड़ी में पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक विवेक पांडेयके मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में बजरंग ग्राम विकास समिति चन्नौड़ी के सदस्यों एवं ग्रामीणजनों द्वारा फलदार एवं छायादार पौधों का रोपण किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना, हरियाली का विस्तार करना तथा ग्रामीण क्षेत्रों में पौधरोपण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना था। कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि बढ़ते पर्यावरण प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन के दौर में पौधारोपण ही एकमात्र ऐसा माध्यम है जो आने वाली पीढ़ी को सुरक्षित भविष्य दे सकता है। इस अवसर पर पौधों के संरक्षण एवं उनके नियमित देखभाल के महत्व पर भी जोर दिया गया। वक्ताओं ने कहा कि केवल पौधा लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसे वृक्ष बनने तक उसकी देखभाल करना भी हमारी जिम्मेदारी है। समिति के सदस्यों ने प्रत्येक पौधे की सुरक्षा और पानी देने की जिम्मेदारी लेने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से उपसरपंच सत्येंद्र प्रताप सिंह, विन्देश्वरी द्विवेदी, नवांकुर संस्था के अध्यक्ष मोहम्मद हनीफ, सचिव सुरेश मिश्रा, रूही बेगम सहित समिति के सदस्य एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने आम, जामुन, नीम, पीपल और बरगद जैसे फलदार एवं छायादार पौधे लगाए। ग्रामीणों का कहना है कि इस प्रकार के आयोजन से गांव में हरियाली तो बढ़ेगी ही, साथ ही लोगों में पर्यावरण के प्रति जागरूकता भी आएगी। मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद द्वारा चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले भर में लगातार ऐसे रचनात्मक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इस अवसर पर उपस्थित सभी लोगों ने पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी देखभाल करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के अंत में सभी ने एक स्वर में पर्यावरण को स्वच्छ और हरा-भरा बनाए रखने की शपथ ली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *