एसईसीएल में बड़ा फेरबदल, सोहागपुर के जीएम ऑपरेशन मनीष के. श्रीवास्तव को मिली भटगांव की कमान

 

दैनिक भारती बिलासपुर। साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड सोहागपुर क्षेत्र 9 अक्टूबर को हुए बड़े प्रशासनिक फेरबदल में सोहागपुर क्षेत्र के महाप्रबंधक (संचालन) मनीष के. श्रीवास्तव को बड़ी जिम्मेदारी देकर कंपनी प्रबंधन ने उनके उत्कृष्ट कार्य अनुभव और संचालन दक्षता को देखते हुए उन्हें भटगांव क्षेत्र का नया क्षेत्रीय महाप्रबंधक नियुक्त किया है। जारी कार्यालय आदेश के अनुसार मनीष के. श्रीवास्तव अब तक सोहागपुर क्षेत्र में महाप्रबंधक (संचालन) के पद पर पदस्थ थे। सोहागपुर क्षेत्र में उन्होंने उत्पादन लक्ष्यों को प्राप्त करने, खदानों के सुचारू संचालन और सुरक्षा मानकों को बेहतर बनाने में अहम भूमिका निभाई। उनके कार्यकाल में क्षेत्र ने कई परिचालन चुनौतियों को सफलतापूर्वक पार किया, जिसके चलते प्रबंधन ने उन्हें अब एक स्वतंत्र क्षेत्र की कमान सौंपने का निर्णय लिया है। भटगांव क्षेत्र एसईसीएल के महत्वपूर्ण क्षेत्रों में से एक है, जहां भूमिगत और खुली दोनों तरह की खदानें संचालित हैं। इस क्षेत्र में उत्पादन बढ़ाने और नई परियोजनाओं को गति देने की बड़ी चुनौती है। ऐसे में मनीष के. श्रीवास्तव जैसे अनुभवी संचालन विशेषज्ञ की नियुक्ति को रणनीतिक रूप से अहम माना जा रहा है। उन्हें तत्काल प्रभाव से भटगांव में कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं। कार्यमुक्त होने के बाद वे निदेशक (तकनीकी) प्रोजेक्ट एंड प्लानिंग के समक्ष उपस्थित होंगे। गौरतलब है कि इस फेरबदल में कुल 6 महाप्रबंधकों का तबादला किया गया है। गेवरा क्षेत्र के क्षेत्रीय महाप्रबंधक एस.के. मिश्रा को मुख्यालय में सीएमडी का विशेष कर्तव्य अधिकारी बनाया गया है। दीपका के जीएम अशोक कुमार को गेवरा क्षेत्र का नया क्षेत्रीय महाप्रबंधक बनाया गया है और उन्हें दीपका की हरदी बाजार ग्राम के भौतिक अधिग्रहण की अतिरिक्त जिम्मेदारी भी दी गई है। इसी तरह भटगांव के जीएम शरद कुमार तिवारी को दीपका क्षेत्र का क्षेत्रीय महाप्रबंधक बनाया गया है, जबकि मुख्यालय में निदेशक (तकनीकी) के तकनीकी सचिव रहे अभिजीत भट्टाचार्य को कोरबा क्षेत्र की कमान सौंपी गई है। मुख्यालय के नियोजन विभाग के शिवकुमार बी. को तकनीकी सचिव का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। सभी अधिकारियों को 15 दिनों के भीतर ऑनलाइन PRIDE भरने के निर्देश महाप्रबंधक (मानव संसाधन/स्थापना) शुभंकर परिडा द्वारा जारी आदेश में दिए गए हैं। इस नियुक्ति के बाद भटगांव क्षेत्र में नई ऊर्जा और बेहतर संचालन की उम्मीद जताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *