
दैनिक भारती शहडोल। सेवा मेरा योगदान अभियान के तहत नगरपालिका शहडोल द्वारा सराफा डैम परिसर में वृहद पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विधायक श्रीमती मनीषा सिंह, सीईओ जिला पंचायत शिवम् प्रजापति, पुलिस अधीक्षक डॉ. संजय अग्रवाल और एसडीएम सोहागपुर श्रीमती अमृता गर्ग सहित जनप्रतिनिधियों एवं स्व-सहायता समूह की महिलाओं ने पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस दौरान सराफा डैम परिसर के दो हेक्टेयर क्षेत्र में 5500 पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है।
कार्यक्रम के दौरान विधायक श्रीमती मनीषा सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री जी के जन्मदिवस से शुरू हुए सेवा अभियान के तहत विभिन्न माध्यमों से जनसेवा के कार्य किए जा रहे हैं। पौधरोपण भी इसी का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण को सुरक्षित रखने के लिए पौधे लगाना और उनकी देखभाल करना जरूरी है। भूपेन्द्र मिश्रा ने कहा कि पौधरोपण से पर्यावरण प्रदूषण कम करने में मदद मिलती है। अधिक हरियाली होने से पर्यावरण का संतुलन बनाए रखने में सहायता मिलती है। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाने की आवश्यकता पर जोर दिया। प्रियंक त्रिपाठी ने कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी सुरक्षा और नियमित देखभाल भी जरूरी है। पौधों को सुरक्षित रखकर ही उन्हें पेड़ के रूप में विकसित किया जा सकता है और पौधरोपण का वास्तविक उद्देश्य पूरा होगा। कार्यक्रम में स्व-सहायता समूह की महिलाओं और नगरपालिका के अमले ने सक्रिय भागीदारी की। कार्यक्रम का संचालन नगरपालिका के प्रभारी अधिकारी अमित तिवारी ने किया।