सेवा संकल्प अभियान के तहत ग्राम पंचायत केलमनिया में जन विश्वास शिविर संपन्न, 89 आवेदनों में से 35 का मौके पर निराकरण

पात्र हितग्राहियों को शासकीय योजनाओं का लाभ दिलाना और ग्रामीणों की समस्याओं का गांव में ही निराकरण करना शिविर का उद्देश्य – विधायक श्रीमती मनीषा सिंह

दैनिक भारती शहडोल। सेवा संकल्प अभियान के तहत सोहागपुर जनपद पंचायत की ग्राम पंचायत केलमनिया में जन विश्वास शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों से संबंधित 89 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 35 आवेदनों का मौके पर ही निराकरण किया गया। शिविर में विधायक श्रीमती मनीषा सिंह, पुलिस अधीक्षक डॉ. संजय अग्रवाल एवं सीईओ जिला पंचायत शिवम प्रजापति ने आमजन की समस्याएं सुनीं तथा उनके निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। विधायक श्रीमती मनीषा सिंह ने कहा कि जन विश्वास शिविर का उद्देश्य शासकीय योजनाओं के पात्र एवं अब तक लाभ से वंचित हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाना तथा ग्रामीणों की समस्याओं का उनके गांव में ही निराकरण सुनिश्चित करना है। शिविरों के माध्यम से आमजन को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ सहजता से उपलब्ध कराने और उनकी समस्याओं का समय पर समाधान करने का प्रयास किया जा रहा है।शिविर में संयुक्त आयुक्त विकास एम.पी. सिंह, एसडीएम सोहागपुर श्रीमती अमृता गर्ग, सीईओ जनपद पंचायत सोहागपुर श्रीमती ममता मिश्रा तथा विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।

स्वास्थ्य शिविर में 129 मरीजों का उपचार

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजेश मिश्रा के मार्गदर्शन में शिविर स्थल पर स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया। इसमें मौसमी बीमारियों से ग्रसित 129 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उपचार किया गया तथा उन्हें आवश्यक दवाओं का वितरण किया गया। ग्रामीणों को स्वास्थ्य संबंधी सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सेवाएं प्रदान कीं।

दिव्यांगजनों एवं किसानों के लिए विशेष व्यवस्थाएं

जन विश्वास शिविर में दिव्यांगजनों की सुविधा के लिए मेडिकल बोर्ड की व्यवस्था की गई। इसके साथ ही आधार अपडेशन तथा फार्मर रजिस्ट्री पंजीयन की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई, ताकि हितग्राहियों को आवश्यक सेवाएं अपने क्षेत्र में ही मिल सकें।

विभिन्न योजनाओं के हितग्राही हुए लाभान्वित

शिविर में पेंशन, विद्युत, राजस्व, गरीब कल्याण योजना, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, स्वास्थ्य एवं जल संसाधन विभाग से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए। विधायक श्रीमती मनीषा सिंह, पुलिस अधीक्षक डॉ. संजय अग्रवाल एवं सीईओ जिला पंचायत शिवम प्रजापति ने लाड़ली बहना योजना, पेंशन योजना सहित अन्य योजनाओं के हितग्राहियों को मौके पर ही लाभान्वित किया। शिविर में केलमनिया क्लस्टर की विभिन्न ग्राम पंचायतों के हितग्राही, सरपंच, जनपद सदस्य राजकुमार कोल सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *