सेवा सेतु शिविर मे उमड़ा जनसैलाब, 440 में से 269 आवेदनों का मौके पर निराकरण


दैनिक भारती धनपुरी। नगर पालिका परिषद धनपुरी द्वारा सेवा सेतु अभियान के अंतर्गत वार्ड क्रमांक 4 स्थित इंडोर स्टेडियम में विशेष शिविर का आयोजन किया गया। शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं 18 विभागों की सेवाओं को एक ही छत के नीचे उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आयोजित इस शिविर में सुबह से ही नागरिकों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। शिविर में कुल 440 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 269 का मौके पर ही निराकरण कर दिया गया। शिविर में जैतपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक जय सिंह मरावी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ नगर पालिका अध्यक्षा श्रीमती रवीन्द्रर कौर छाबड़ा, सीएमओ अमित तिवारी, भाजपा मंडल अध्यक्ष अजय शर्मा, सभापति श्रीमती नीतू सोनकर, नारायण जायसवाल, पार्षद आनंद कचेर, प्रवीण बड़ौलिया, एल्डरमेन श्रीमती जनक दुलारी केवट, केसवान मांझी सहित जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। नगर पालिका के सहायक राजस्व निरीक्षक रामविशाल नापित ने शिविर में सक्रिय भूमिका निभाते हुए राजस्व संबंधी आवेदनों का सत्यापन एवं नागरिकों की जिज्ञासाओं का समाधान किया। वहीं भारतीय स्टेट बैंक के शाखा प्रबंधक श्री एस.के. सिंह ने बैंकिंग सेवाओं की जानकारी दी। शिविर के दौरान 5 पात्र हितग्राहियों को खाद्यान्न पर्ची का वितरण भी किया गया।

जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों के विचार

विधायक जय सिंह मरावी ने कहा – सेवा सेतु अभियान शासन की मंशा के अनुरूप जनता और प्रशासन के बीच की दूरी को कम करने का सशक्त माध्यम है। हमारा लक्ष्य है कि कोई भी पात्र व्यक्ति योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे। आज 440 आवेदनों में से 269 का मौके पर निराकरण होना प्रशासन की तत्परता को दर्शाता है। ऐसे शिविरों से अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक शासन पहुंच रहा है। नागरिकों को कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे, यही सुशासन है। नगर पालिका अध्यक्षा रवीन्द्रर कौर छाबड़ा ने कहा – नगर पालिका का प्रयास है कि धनपुरी के हर वार्ड के नागरिकों को उनकी जरूरत की सभी सेवाएं सहजता से मिलें। सेवा सेतु शिविर के माध्यम से हमने 18 विभागों को एक ही परिसर में जोड़ा है। महिलाओं, बुजुर्गों और गरीब परिवारों को विशेष रूप से लाभ मिल रहा है। 5 हितग्राहियों को खाद्यान्न पर्ची मिलना इस बात का प्रमाण है कि शिविर केवल औपचारिकता नहीं बल्कि वास्तविक लाभ पहुंचाने का कार्य कर रहा है। आगे भी ऐसे शिविर वार्ड स्तर पर आयोजित किए जाएंगे। सीएमओ अमित तिवारी ने कहा – सेवा सेतु शिविर का मुख्य उद्देश्य नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान है। हमने सभी विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया था कि प्राप्त आवेदनों का परीक्षण कर मौके पर ही निराकरण करें। 269 आवेदनों का तत्काल निराकरण हुआ है, शेष आवेदनों को समय-सीमा में निराकृत किया जाएगा। सहायक राजस्व निरीक्षक रामविशाल नापित सहित पूरी टीम ने समन्वय से कार्य किया। हमारी कोशिश है कि नागरिकों को पारदर्शी और त्वरित सेवा मिले। कुल मिलाकर शिविर प्रशासन और जनता के बीच सीधे संवाद का सफल उदाहरण बना। एक ही स्थान पर विविध सेवाएं मिलने से नागरिकों ने इसे उपयोगी पहलबताते हुए नगर पालिका के प्रयासों की सराहना की।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *