सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत चन्नौड़ी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में स्वास्थ्य शिविर, बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने कराई जांच

 

दैनिक भारती शहडोल। ग्रामीण अंचलों में स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करने और जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद द्वारा सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत लगातार कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में जिला समन्वयक विवेक पांडे के मार्गदर्शन एवं प्रेरणा से बुढार विकासखंड के अंतर्गत आने वाले चन्नौड़ी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में एक दिवसीय निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पहुंचकर अपने स्वास्थ्य की जांच कराई और शासन की स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली। कार्यक्रम का शुभारंभ जन अभियान परिषद के सक्रिय सहयोगी उग्रभान सिंह ने स्वयं अपना रक्तचाप, ब्लड शुगर तथा अन्य प्राथमिक स्वास्थ्य जांच कराकर किया। उनके इस प्रेरणादायक कदम से गांव के लोगों में सकारात्मक संदेश गया और देखते ही देखते शिविर में ग्रामीणों की भीड़ उमड़ पड़ी। महिलाओं, बुजुर्गों और युवाओं ने उत्साह के साथ अपने स्वास्थ्य परीक्षण कराए। शिविर का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को उनके घर के निकट बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना, मौसमी बीमारियों एवं जीवनशैली से जुड़ी बीमारियों जैसे उच्च रक्तचाप, मधुमेह की समय पर पहचान करना तथा जरूरतमंद मरीजों को आवश्यक परामर्श एवं उपचार प्रदान करना रहा। स्वास्थ्य शिविर में चिकित्सक डॉ. सिमरन सोनी की उपस्थिति में मरीजों का विस्तृत स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इस दौरान ग्रामीणों का रक्तचाप (बीपी), ब्लड शुगर, बुखार एवं अन्य सामान्य जांचें की गईं। जांच के दौरान जिन मरीजों में बीपी, शुगर बढ़ा हुआ पाया गया अथवा अन्य स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं मिलीं, उन्हें तुरंत चिकित्सकीय परामर्श दिया गया और आवश्यक दवाइयां उपलब्ध कराई गईं। पहले से विभिन्न बीमारियों से ग्रसित मरीजों का भी फॉलोअप परीक्षण कर उन्हें नियमित जांच और दवा सेवन के संबंध में विस्तार से समझाया गया। डॉ. सिमरन सोनी ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में लोग अक्सर बीमारी के शुरुआती लक्षणों को नजरअंदाज कर देते हैं, जिससे बाद में बीमारी गंभीर रूप ले लेती है। उन्होंने नियमित स्वास्थ्य जांच, संतुलित और पौष्टिक आहार, स्वच्छता और चिकित्सक की सलाह का पालन करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि समय पर जांच से ही गंभीर बीमारियों से बचा जा सकता है। शिविर के सफल संचालन में स्वास्थ्य केंद्र के स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही। स्टाफ कार्यकर्ताओं में पूजा सिंह, सुलेखा गुप्ता, किरण मौर्या एवं सुस्मिता सिंह ने पूरी सक्रियता के साथ मरीजों की जांच, पंजीयन और दवा वितरण में सहयोग किया। उनके सराहनीय योगदान से शिविर सुव्यवस्थित रूप से संपन्न हो सका। इस अवसर पर जन अभियान परिषद की नवांकुर संस्था से अध्यक्ष मोहम्मद हनीफ, सचिव सुरेश मिश्रा, उग्रभान सिंह, राहुल सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने जिला समन्वयक विवेक पांडे के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि उनके कुशल मार्गदर्शन में जिले भर में सेवा संकल्प अभियान के तहत स्वास्थ्य, स्वच्छता, पर्यावरण और जनजागरूकता से जुड़े कार्यक्रम प्रभावी रूप से आयोजित किए जा रहे हैं। चन्नौड़ी में आयोजित यह स्वास्थ्य शिविर ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने की दिशा में एक सार्थक कदम है। कार्यक्रम के अंत में ग्रामीणों को शासन द्वारा संचालित आयुष्मान भारत, निःशुल्क जांच एवं उपचार योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया गया। जन अभियान परिषद द्वारा भविष्य में भी इस प्रकार के शिविर आयोजित करने की बात कही गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *