
दैनिक भारती शहडोल। बाणसागर मुख्य बांध में जलस्तर पूर्ण भराव पर पहुंचने और ऊपरी क्षेत्र से पानी की आवक बढ़ने के कारण सोमवार 21 सितंबर 2026 को दोपहर 4 बजे बांध के छह रेडियल गेट खोले जाने हैं। जल संसाधन विभाग की सूचना के अनुसार रेडियल गेट क्रमांक 6, 7, 8, 9, 10 और 11 को 0.50 मीटर की ओपनिंग पर खोला जाएगा। इन छह गेटों से करीब 630 क्यूमेक्स पानी छोड़े जाने की जानकारी दी गई है।
सोन नदी में बढ़ेगा पानी
बांध के स्पिलवे और पावर हाउस क्रमांक-3 से छोड़े जा रहे पानी को मिलाकर सोन नदी में कुल प्रवाह करीब 804 क्यूमेक्स तक पहुंचने की संभावना बताई गई है। जल की आवक बढ़ने पर डिस्चार्ज की मात्रा में और वृद्धि भी की जा सकती है।
नदी किनारे रहने वालों को सतर्क रहने की अपील
पानी छोड़े जाने के बाद सोन नदी के जलस्तर में तेजी से बढ़ोतरी की संभावना को देखते हुए डाउनस्ट्रीम क्षेत्र के गांवों में प्रशासन को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। मैदानी अमले को नदी किनारे रहने वाले लोगों को पर्याप्त दूरी बनाए रखने तथा नदी में नहीं जाने की जानकारी देने के निर्देश दिए गए हैं। लोगों से मवेशियों को भी सुरक्षित स्थान पर रखने और प्रशासन की अपील का पालन करने को कहा गया है।