समाजहित और जनहित के उत्कृष्ट कार्यों के लिए हिमांशु तिवारी सम्मानित


दैनिक भारती बिरसिंहपुर पाली/उमरिया। समाजहित एवं जनहित के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय रहकर उत्कृष्ट कार्य करने वाले युवा समाजसेवी हिमांशु तिवारी को सरस्वती विद्यालय, प्रकाश नगर, बिरसिंहपुर पाली द्वारा शाल, श्रीफल एवं मां बिरासिनी देवी की चित्र-पटल भेंट कर सम्मानित किया गया। विद्यालय परिवार ने उनके सामाजिक सरोकारों, जनजागरूकता अभियानों एवं समाजसेवा के प्रति समर्पण की सराहना करते हुए यह सम्मान प्रदान किया। सम्मान समारोह के दौरान विद्यालय अध्यक्ष जेपी गोस्वामी, व्यवस्थापक सीपी विश्वकर्मा एवं प्राचार्य राकेश तिवारी ने हिमांशु तिवारी के सामाजिक कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं। विद्यालय अध्यक्ष जेपी गोस्वामी ने कहा कि समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी को समझते हुए निस्वार्थ भाव से कार्य करने वाले युवाओं का सम्मान करना समाज के लिए सकारात्मक संदेश है। हिमांशु तिवारी लंबे समय से जनहित एवं समाजहित के कार्यों से जुड़े हुए हैं। उनके सेवा कार्य निश्चित रूप से अन्य युवाओं को भी समाज के लिए आगे बढ़कर कार्य करने की प्रेरणा प्रदान करेंगे। सम्मान प्राप्त करने के बाद हिमांशु तिवारी ने कहा कि सरस्वती विद्यालय, प्रकाश नगर द्वारा प्रदान किया गया यह सम्मान उनके लिए केवल सम्मान नहीं, बल्कि समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी को और अधिक मजबूती एवं समर्पण के साथ निभाने की प्रेरणा है। उन्होंने विद्यालय अध्यक्ष, व्यवस्थापक, प्राचार्य एवं समस्त विद्यालय परिवार का हृदय से आभार व्यक्त किया।उन्होंने कहा कि जनहित, समाजहित एवं राष्ट्रहित से जुड़े सेवा कार्यों को आगे भी निरंतर जारी रखा जाएगा। उन्होंने कहा, “समाजसेवा किसी एक व्यक्ति का कार्य नहीं, बल्कि हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। हमारा प्रयास रहेगा कि अधिक से अधिक युवाओं को जनसेवा एवं सामाजिक कार्यों से जोड़ा जाए, ताकि मिलकर समाज में सकारात्मक बदलाव लाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *