बरतराई की प्रसूता ने अस्पताल पहुंचकर दिया बेटी को जन्म


दैनिक भारती उमरिया। जिला मुख्यालय से करीब 10 से 15 किलोमीटर दूर ग्राम बरतराई की बैगा आदिवासी गर्भवती महिला को प्रसव पीड़ा के दौरान 108 एम्बुलेंस उपलब्ध नहीं होने की खबर सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने मामले का संज्ञान लिया। वायरल खबर में बताया गया था कि प्रसूता के पति नरेश बैगा को एम्बुलेंस नहीं मिलने पर वह अपनी पत्नी को पिकअप वाहन से जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। मामले में 108 एम्बुलेंस के जिला प्रबंधक सतेंद्र वर्मा ने कॉल हिस्ट्री एवं उपलब्ध अभिलेखों के आधार पर विभागीय स्थिति स्पष्ट की। उन्होंने बताया कि संबंधित प्रसूता अथवा उसके परिजन के मोबाइल नंबर से 108 एम्बुलेंस सेवा पर कॉल किए जाने की पुष्टि नहीं हुई है। विभाग के अनुसार परिजन ने स्थानीय आशा कार्यकर्ता से संपर्क किया था और प्रसूता को तेज दर्द होने की जानकारी देते हुए जिला अस्पताल ले जाने की बात कही थी। इधर, जिला अस्पताल पहुंची प्रसूता का सुरक्षित प्रसव हुआ, जहां उसने एक बेटी को जन्म दिया। प्रसव के बाद जच्चा और बच्चा दोनों सकुशल बताए गए तथा परिवार में बेटी के जन्म से खुशी का माहौल है। 108 जिला प्रबंधक सतेंद्र वर्मा ने कहा कि गर्भवती महिलाओं से संबंधित आपातकालीन कॉल को प्राथमिकता दी जाती है। उपलब्ध संसाधनों का बेहतर समन्वय करते हुए रिस्पॉन्स टाइम को न्यूनतम रखने के निर्देश दिए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *