तीज पूजा के साथ गाजे-बाजे के साथ हुई गणेश प्रतिमाओं की स्थापना


दैनिक भारती उमरिया। नगर में गणेश उत्सव को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला। तीज पूजा के साथ ही विभिन्न स्थानों पर विधि-विधान एवं धार्मिक अनुष्ठानों के साथ भगवान श्री गणेश की प्रतिमाओं की स्थापना की गई। गणेश प्रतिमाओं की स्थापना के अवसर पर नगर का वातावरण भक्तिमय नजर आया। नगर के मंगल भवन से नगरवासियों द्वारा भगवान श्री गणेश की प्रतिमाओं को गाजे-बाजे और ढोल-नगाड़ों के साथ श्रद्धापूर्वक अपने-अपने गंतव्य के लिए रवाना किया गया। इस दौरान श्रद्धालु गणपति बप्पा मोरया के जयकारे लगाते हुए उत्साह के साथ आगे बढ़े। जगह-जगह लोगों ने गणेश प्रतिमाओं का स्वागत किया। गणेश प्रतिमाओं को आकर्षक ढंग से सजाए गए पंडालों में स्थापित किया गया। नगर के विभिन्न मोहल्लों एवं प्रमुख स्थानों पर गणेश उत्सव समितियों द्वारा विशेष तैयारियां की गई हैं। स्थापना के दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान गणेश की पूजा-अर्चना कर सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। गणेश उत्सव के चलते नगर में धार्मिक उल्लास का माहौल बना हुआ है। आगामी दिनों में पंडालों में प्रतिदिन पूजा-अर्चना, आरती और विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी में गणेश उत्सव को लेकर उत्साह नजर आ रहा है। श्रद्धालु पूरे भक्तिभाव के साथ भगवान श्री गणेश की आराधना कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *