
दैनिक भारती कोतमा। नगर के वार्ड क्रमांक 5 स्थित पवित्र शिव सागर धाम तलैया से एक भव्य एवं कावड़ यात्रा अत्यंत श्रद्धा, उल्लास और धूमधाम के साथ निकाली गई। भगवान भोलेनाथ के जयकारों से गुंजायमान यह यात्रा कोतमा के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी, जिससे पूरा नगर शिवभक्ति की गंगा में सराबोर हो गया।
मार्ग में जगह-जगह स्थानीय नागरिकों और श्रद्धालुओं द्वारा कावड़ियों पर पुष्पवर्षा कर यात्रा का आत्मीय स्वागत किया गया। भक्ति संगीत और ‘हर-हर महादेव’ के उद्घोष के साथ निकली इस यात्रा ने पूरे शहर के वातावरण को धर्ममय बना दिया।
जनप्रतिनिधियों व गणमान्य नागरिकों की रही गरिमामय उपस्थिति
इस धार्मिक आयोजन में मातृशक्ति, युवाओं और बच्चों के साथ-साथ समाजसेवियों व जनप्रतिनिधियों ने बढ़-चढ़कर अपनी सहभागिता दर्ज कराई। कार्यक्रम में प्रमुख रूप से हनुमान गर्ग, प्रदीप सोनी, बद्री तामकार, अभिषेक सराफ, पिंकू विनय चावड़ा, नन्नू गुप्ता, प्रदीप उपाध्याय, पंकज शर्मा, पुष्पेंद्र उर्मलिया, पार्षद छाया सोनी, सुषमा तामकार, दीप्ति सिंह, रजनी शर्मा, मीरा शर्मा सहित नगर के अनेक गणमान्य नागरिक, समाज सेवी, स्थानीय नेता एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु महिला-पुरुष व बच्चे उपस्थित रहे।