दिल्ली में विश्व बैडमिंटन चैंपियनशिप का रोमांच चरम पर, भारत की ट्रीसा-गायत्री ने पक्का किया पदक

विश्व चैंपियनशिप में भारतीय जोड़ी का शानदार प्रदर्शन, सेमीफाइनल में चीन की शीर्ष वरीय जोड़ी से मुकाबला


नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में चल रही BWF विश्व बैडमिंटन चैंपियनशिप 2026 में मुकाबले रोमांचक दौर में पहुंच गए हैं। 17 से 23 अगस्त तक आयोजित हो रही इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में दुनिया के शीर्ष बैडमिंटन खिलाड़ी खिताब के लिए जोर आजमा रहे हैं।

भारतीय बैडमिंटन के लिए शुक्रवार का दिन खास रहा। महिला युगल में ट्रीसा जॉली और गायत्री गोपीचंद की भारतीय जोड़ी ने शानदार वापसी करते हुए चीन की चौथी वरीय जिया यी फान और झांग शू शियान की जोड़ी को 16-21, 21-15, 21-13 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई। इस जीत के साथ भारतीय जोड़ी ने विश्व चैंपियनशिप में अपना पदक सुनिश्चित कर लिया है।

15 साल बाद महिला युगल में फिर भारत की बड़ी उपलब्धि

ट्रीसा और गायत्री की उपलब्धि इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि वे विश्व चैंपियनशिप में पदक जीतने वाली भारत की केवल दूसरी महिला युगल जोड़ी बनने जा रही हैं। इससे पहले ज्वाला गुट्टा और अश्विनी पोनप्पा ने 2011 में कांस्य पदक जीता था।

आज चीन की शीर्ष वरीय जोड़ी से सेमीफाइनल मुकाबला

पदक पक्का करने के बाद अब भारतीय जोड़ी की नजर फाइनल में जगह बनाने पर है। शनिवार, 22 अगस्त को ट्रीसा जॉली और गायत्री गोपीचंद का मुकाबला चीन की शीर्ष वरीय लियू शेंग शू और तान निंग की जोड़ी से होगा। भारतीय जोड़ी के शानदार प्रदर्शन के बाद देशभर के खेल प्रेमियों की निगाहें इस मुकाबले पर टिकी हैं।

सात्विक-चिराग का सफर क्वार्टर फाइनल में थमा

पुरुष युगल में भारत की स्टार जोड़ी सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी को क्वार्टर फाइनल में चीन की लियांग वेई केंग और वांग चांग की जोड़ी से 18-21, 9-21 से हार का सामना करना पड़ा। इसके साथ ही पुरुष युगल में भारत की पदक की उम्मीद समाप्त हो गई।

आयुष शेट्टी ने रचा था बड़ा उलटफेर

प्रतियोगिता के शुरुआती दौर में भारत के युवा खिलाड़ी आयुष शेट्टी ने बड़ा उलटफेर करते हुए विश्व नंबर-1 और मौजूदा चैंपियन चीन के शी यूकी को हराकर सभी को चौंका दिया था। आयुष ने तीन गेम तक चले मुकाबले में 21-14, 13-21, 21-19 से जीत दर्ज।
हालांकि बाद के दौर में पीवी सिंधु और आयुष शेट्टी के बाहर होने के साथ भारत की महिला और पुरुष एकल चुनौती भी समाप्त हो चुकी है।

दिल्ली में लगा दुनिया के दिग्गज शटलरों का जमावड़ा

विश्व बैडमिंटन चैंपियनशिप का आयोजन भारत में 17 साल बाद हो रहा है। दिल्ली में आयोजित इस प्रतियोगिता ने भारतीय खेल प्रशंसकों के बीच खास उत्साह पैदा किया है। अब टूर्नामेंट अपने निर्णायक दौर में पहुंच चुका है और भारतीय प्रशंसकों की सबसे बड़ी उम्मीद ट्रीसा जॉली और गायत्री गोपीचंद की जोड़ी से जुड़ी हुई है।

भारत की नजर अब सेमीफाइनल में शानदार प्रदर्शन कर फाइनल का टिकट हासिल करने पर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *