
दैनिक भारती धनपुरी। समाज सेवा केवल आर्थिक सहायता तक सीमित नहीं होती, बल्कि किसी जरूरतमंद को अपने पैरों पर खड़ा होने का अवसर देना सबसे बड़ी सेवा मानी जाती है। इसी सोच को साकार करते हुए लीनेस क्लब ने महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक सराहनीय पहल करते हुए जरूरतमंद महिला शिवानी वर्मा को सिलाई मशीन भेंट की। क्लब के इस सहयोग से अब शिवानी स्वरोजगार शुरू कर आत्मनिर्भर बनने की दिशा में कदम बढ़ा सकेगी। सिलाई मशीन प्राप्त करने के बाद भावुक हुई शिवानी वर्मा ने कहा कि आर्थिक तंगी के कारण वह लंबे समय से सिलाई मशीन खरीदने में असमर्थ थी। सिलाई का हुनर होने के बावजूद संसाधनों के अभाव में वह अपनी प्रतिभा का उपयोग नहीं कर पा रही थी। लीनेस क्लब के इस सहयोग ने उसके जीवन में नई उम्मीद जगा दी है। अब वह घर से ही सिलाई का कार्य कर अपनी आजीविका अर्जित कर सकेगी तथा परिवार की आर्थिक जिम्मेदारियों में भी सहयोग दे पाएगी। इस पुनीत सेवा कार्य में क्लब की चेयरपर्सन ज्योति खनूजा का विशेष योगदान रहा। उनके सहयोग से शिवानी वर्मा को सिलाई मशीन उपलब्ध कराई गई, जिससे उसके उज्ज्वल और स्वावलंबी भविष्य की मजबूत नींव रखी गई। उपस्थित सदस्यों ने कहा कि किसी जरूरतमंद को आत्मनिर्भर बनाना समाज के प्रति सबसे बड़ी जिम्मेदारी है और ऐसे प्रयास महिलाओं के आत्मविश्वास को नई उड़ान देते हैं। क्लब की अध्यक्ष बिन्दा भगत ने कहा कि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना ही सच्चे अर्थों में समाज को सशक्त बनाना है। लीनेस क्लब वर्षों से शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण और सामाजिक सेवा के क्षेत्र में लगातार कार्य कर रहा है तथा भविष्य में भी जरूरतमंदों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए ऐसे सेवा कार्य निरंतर जारी रहेंगे। कार्यक्रम में क्लब की सचिव अंजू दुआ, कोषाध्यक्ष अर्चना ओझा सहित प्रतिमा जैन, स्नेहलता गुप्ता, शैला गुप्ता, अंजू अग्रवाल, जसमीत लांबा, श्यामा गुप्ता, साधना अग्रवाल, आरती खनूजा, ज्योति खनूजा, मोनिका अग्रवाल, आरती खंडेलवाल एवं रजनी जैन उपस्थित रहीं। सभी सदस्यों ने इस पहल की सराहना करते हुए शिवानी वर्मा को उज्ज्वल, सफल एवं स्वावलंबी जीवन के लिए शुभकामनाएं दीं।