हर घर तिरंगा अभियान के शुभारंभ पर एकलव्य विद्यालय से निकली तिरंगा रैली, तिरंगा देश की एकता, गौरव, त्याग और राष्ट्रीय स्वाभिमान का प्रतीक- सहायक आयुक्त आनंद राय सिन्हा

दैनिक भारती शहडोल। हर घर तिरंगा 2026 अभियान के शुभारंभ अवसर पर एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय शहडोल में विद्यार्थियों एवं स्टाफ द्वारा उत्साह और उमंग के साथ विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम में जनजातीय कार्य विभाग के सहायक आयुक्त आनंद राय सिन्हा उपस्थित रहे। विद्यालय के प्राचार्य श्रद्धानंद दुबे, स्टाफ एवं छात्र-छात्राओं ने उनका आत्मीय स्वागत किया। इस अवसर पर सहायक आयुक्त आनंद राय सिन्हा एवं प्राचार्य श्रद्धानंद दुबे ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए राष्ट्रीय ध्वज के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि तिरंगा देश के गौरव, एकता, त्याग और नागरिकों की आकांक्षाओं का प्रतीक है। तिरंगे से जुड़े रोचक एवं प्रेरणादायी प्रसंगों के माध्यम से विद्यार्थियों को राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान एवं राष्ट्रप्रेम की भावना से जोड़ा गया। विद्यार्थियों एवं स्टाफ ने एक साथ मिलकर तिरंगे की आकृति बनाकर राष्ट्रीय एकता एवं देशभक्ति का संदेश दिया। सहायक आयुक्त श्री सिन्हा ने विद्यार्थियों को हर घर तिरंगा अभियान में सक्रिय सहभागिता के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि राष्ट्रीय ध्वज प्रत्येक भारतीय के गौरव और भावनाओं से जुड़ा है तथा इसके प्रति सम्मान व्यक्त करना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। उन्होंने विद्यार्थियों से अभियान के संदेश को विद्यालय तक सीमित न रखते हुए अपने परिवार और समाज तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने स्वयं ‘सेल्फी विद तिरंगा’ गतिविधि में सहभागिता कर विद्यार्थियों एवं स्टाफ का उत्साहवर्धन किया। इसके बाद विद्यालय से तिरंगा रैली निकाली गई, जिसमें छात्र-छात्राएं एवं स्टाफ हाथों में तिरंगा लेकर शामिल हुए। रैली विभिन्न मार्गों से होते हुए निकली। विद्यार्थियों ने देशभक्ति के नारों और उत्साहपूर्ण सहभागिता के माध्यम से राष्ट्रीय ध्वज के प्रति प्रेम एवं सम्मान का संदेश दिया। रैली के दौरान विद्यार्थियों एवं स्टाफ ने मार्ग में मिले लोगों के साथ भी तिरंगा साझा किया, जिससे अभियान की भावना को व्यापक जनभागीदारी से जोड़ा गया। पूरे आयोजन में विद्यार्थियों का उत्साह एवं अनुशासन विशेष रूप से दिखाई दिया। कार्यक्रम ने विद्यार्थियों को राष्ट्रीय ध्वज के महत्व को समझने तथा उसके सम्मान को अपने व्यवहार में आत्मसात करने के लिए प्रेरित किया। हर घर तिरंगा अभियान के प्रथम दिवस पर आयोजित यह आयोजन विद्यालय परिवार के लिए राष्ट्रभक्ति, सहभागिता और एकजुटता का अवसर बना तथा विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं अधिकारियों की सक्रिय भागीदारी से अभियान का संदेश जन-जन तक पहुंचाने की भावना को बल मिला।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *