
दैनिक भारती शहडोल। मुख्य सचिव अशोक वर्णवाल ने कहा है कि मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत लोगों से प्राप्त शिकायतों और समस्याओं का समाधान संतुष्टिपूर्वक कराएं। उन्होंने कहा है कि लोक सेवा प्रदाय गारंटी अधिनियम एवं सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों के निराकरण को मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान में सर्वोच्च प्राथमिकता दें। इसके अलावा बिगड़े ट्रांसफारमरों, बिगड़े हैण्डपंपों, 108 एम्बुलेंश सेवा, विद्यालयों से ड्राप आउट बच्चों से संबंधित शिकायतों का भी सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ निराकरण सुनिश्चित कराएं। मुख्य सचिव ने कहा है कि मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के क्रियान्वयन के लिए शासन ने लगभग 50 बिन्दु तय किए हैं। इन बिन्दुओं पर भी प्राथमिकता के साथ कार्यवाही सुनिश्चित कराएं। उक्त निर्देश आज मुख्य सचिव श्री अशोक वर्णवाल ने वीडियो कान्फ्रेंसिंग में प्रदेश के सभी कमिश्नरों एवं कलेक्टरों को दिए।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान में प्रदेश के मुख्यमंत्री विभिन्न जिलों का भ्रमण करेंगे। भ्रमण के दौरान मुख्यमंत्री प्रबुद्ध नागरिकों, उद्यमियों से संवाद करेगे। संस्थाओं का निरीक्षण एवं अभियान की समीक्षा करेंगे साथ ही मीडिया से चर्चा करेंगे। इसके लिए कलेक्टर समुचित व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें। उन्होनें कहा कि मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान में संभाग आयुक्त एवं कलेक्टरों की अति महत्वपूर्ण भूमिका है। संभाग आयुक्त एवं कलेक्टर प्रत्येक शुक्रवार को होने वाले क्षेत्र के भ्रमण का निरीक्षण करेगें। भ्रमण स्थल एवं साप्ताहिक रोस्टर का निर्धारण करेंगे। लंबित प्रकरणों और शिकायतों का शत-प्रतिशत निराकरण सुनिश्चित कराएंगे। वीडियो कान्फ्रेंसिंग में मुख्य सचिव नें 07 अगस्त को प्रदेश में आयोजित मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के अंतर्गत किए गए नवाचारों एवं अच्छे कार्याें की जानकारी भी साझा की। वीडियो कान्फ्रेंसिग में प्रदेश के विभिन्न जिलों के संभाग आयुक्त एवं कलेक्टरों ने मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान को और अधिक कारगर और प्रभावी बनाने के लिए अपने सुझाव भी दिए।
वीडियो कान्फ्रेंसिंग में शहडोल जिले से कमिश्नर कार्यालय के एनआईसी केन्द्र से कमिश्नर शहडोल संभाग श्रीमती सुरभि गुप्ता तथा कलेक्ट्रेट एनआईसी से कलेक्टर पार्थ जायसवाल, पुलिस अधीक्षक संजय कुमार अग्रवाल, सीईओ जिला पंचायत शिवम प्रजापति, अपर कलेक्टर सरोधन सिंह, श्रीमती मिनिषा पाण्डेय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
