
दैनिक भारती शहडोल। केंद्रीय महासचिव कॉ. अजय विश्वकर्मा ने संगठन को दिये आंदोलन और सदस्यता अभियान तेज करने का संदेश। एटक के केंद्रीय महासचिव कॉ. अजय विश्वकर्मा शनिवार को एसईसीएल सोहागपुर क्षेत्र के दौरे पर पहुंचे। सोहागपुर हाउस में उन्होंने एटक यूनियन के पदाधिकारियों एवं वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर संगठन की आगामी गतिविधियों, श्रमिक मुद्दों और आंदोलन की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की।
10 अगस्त को महाप्रबंधक कार्यालय में धरना
केंद्रीय महासचिव कॉ. अजय विश्वकर्मा ने जेबीसीसीआई-12 के गठन तथा जेबीसीसीआई-11 में स्वीकृत मुद्दों को शीघ्र लागू करने की मांग को लेकर 10 अगस्त को सोहागपुर महाप्रबंधक कार्यालय के समक्ष धरना-प्रदर्शन कर ज्ञापन सौंपने के निर्देश दिए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आंदोलन को एकजुटता और प्रभावी तरीके से सफल बनाने का आह्वान किया।
सितंबर सदस्यता सत्यापन की तैयारी पर जोर
बैठक में सितंबर माह में होने वाले सदस्यता सत्यापन को लेकर भी रणनीति तैयार की गई। केंद्रीय महासचिव ने कार्यकर्ताओं को सदस्यता अभियान को व्यापक स्तर पर चलाने का निर्देश देते हुए कहा कि सोहागपुर क्षेत्र से सदस्यता अभियान की शुरुआत कर पूरे एसईसीएल में इसे नंबर-1 बनाने का लक्ष्य रखा जाए।
पदाधिकारियों ने लिया संकल्प
एटक यूनियन के पदाधिकारियों ने केंद्रीय महासचिव के निर्देशों के अनुरूप 10 अगस्त के आंदोलन को सफल बनाने तथा सदस्यता अभियान को गति देने का संकल्प लिया। बैठक के दौरान संगठन की एकजुटता और श्रमिक हितों से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाने पर जोर दिया गया। बैठक में कॉ. रावेंद्र शुक्ला, अध्यक्ष एटक यूनियन सोहागपुर क्षेत्र राजेश चंद शर्मा, एसईसीएल बिलासपुर कल्याण मंडल सदस्य एवं एटक यूनियन सोहागपुर क्षेत्र सचिव मुकेश राय, एरिया सेफ्टी बोर्ड सदस्य अरुण शुक्ला, एरिया सेफ्टी बोर्ड सदस्य तथा सफीक खान, एटक यूनियन एरिया कार्यसमिति सदस्य सहित आफताब आलम रामपुर बटुरा ओसीएम एटक यूनियन अध्यक्ष सचिव राकेश कुमार गुप्ता, अशरफ फोरमैन इंचार्ज मनोज गर्ग रंजीत सिंह अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।