
दैनिक भारती शहडोल। जिले के ब्यौहारी थाना क्षेत्र अंतर्गत छीरहा गांव में उस समय हड़कंप मच गया, जब झापर नदी में एक किसान का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। ग्रामीणों ने नदी में शव पड़े होने की सूचना तत्काल पुलिस को दी, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी।
खेत में काम कराने के बाद घर लौट रहा था किसान
मृतक की पहचान रामशुशील यादव (45 वर्ष), पिता राम रहित यादव, निवासी ग्राम छीरहा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि बुधवार शाम किसान खेत में धान की रोपाई का कार्य कराने के बाद अपने घर वापस लौट रहा था। खेत और घर के बीच झापर नदी पड़ती है, जिसे पार करते समय यह घटना हुई।
देर रात तक घर नहीं पहुंचा तो परिजनों ने शुरू की तलाश
परिजनों के अनुसार, देर शाम तक रामशुशील यादव के घर नहीं पहुंचने पर उनकी चिंता बढ़ गई। इसके बाद परिवार और ग्रामीणों ने उनकी तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद नदी के बीच उनका शव दिखाई दिया, जिसके बाद पूरे गांव में शोक और सनसनी का माहौल बन गया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद सामने आएगी मौत की असली वजह
घटना की जानकारी मिलते ही ब्यौहारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया। लोगो का मानना है कि मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही हो सकेगा।
हर पहलू से की जा रही जांच
पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना, फिसलन या अन्य किसी कारण से मौत हुई है, इसकी जांच पुलिस कर रही है। फिलहाल सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर विवेचना जारी है।
गांव में पसरा मातम, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
किसान की अचानक मौत की खबर से पूरे छीरहा गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच और परिवार को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।