कोतमा बस स्टैंड के पास संदिग्ध परिस्थितियों में युवक का शव मिलने से सनसनी, जांच में जुटी पुलिस

दैनिक भारती कोतमा। नगर के व्यस्ततम बस स्टैंड मार्ग पर बुधवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब सड़क किनारे एक युवक का शव संदिग्ध अवस्था में पड़ा मिला। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय नागरिकों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस और नगर पालिका की टीम घटनास्थल पर पहुंची।

मृतक की हुई पहचान

पुलिस जांच में मृतक की पहचान अशोक चौहान (35 वर्ष), पिता भारत चौहान, निवासी जमुना कॉलोनी वार्ड क्रमांक-6, कोतमा के रूप में हुई है। पुलिस ने आवश्यक पंचनामा कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगा मौत के कारणों का खुलासा

पुलिस अधिकारियों के अनुसार युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।

घटनास्थल पर उमड़ी लोगों की भीड़

घटना नगर के सबसे व्यस्त क्षेत्रों में से एक बस स्टैंड मार्ग पर हुई, जिसके चलते आसपास के लोगों में भय और असुरक्षा का माहौल देखा गया। घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर पहुंच गए।

पुलिस गश्त और सीसीटीवी बढ़ाने की मांग

स्थानीय नागरिकों ने सार्वजनिक स्थानों पर पुलिस गश्त बढ़ाने और प्रमुख चौराहों एवं बाजार क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरे लगाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *