
दैनिक भारती शहडोल। 70वीं शालेय स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसजीएफआई) राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता एवं लोक शिक्षण संचालनालय भोपाल द्वारा घोषित राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिता सत्र 2026-27 के अंतर्गत शहडोल संभाग स्तरीय चयन प्रतियोगिताओं की तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में संयुक्त संचालक लोक शिक्षण शहडोल संभाग उमेश कुमार धुर्वे की अध्यक्षता में समीक्षा एवं योजना बैठक आयोजित की गई, जिसमें खेल गतिविधियों की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में अधिकारियों और खेल प्रशिक्षकों की रही मौजूदगी
बैठक में सहायक संचालक कुमारी आकांक्षा सोनी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। इसके अलावा सहायक संचालक खेल रईस अहमद, संभागीय अधिकारी सुदर्शन मिश्रा, जिला खेल अधिकारी उमरिया शेख सलीम, जिला खेल अधिकारी शहडोल रामरूद्र पटेल, जिला खेल अधिकारी अनूपपुर शेख खलील कुरैशी, पीटीआई मुकेश झरिया, सुनील साकेत, रहीम खान, संजय नामदेव तथा आईटी सेल अधिकारी अमजद रंगरेज सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे।
पारदर्शी चयन प्रक्रिया के दिए गए निर्देश
योग्यता और प्रतिभा के आधार पर होगा खिलाड़ियों का चयन। संयुक्त संचालक उमेश कुमार धुर्वे ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि चयन प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी और सुव्यवस्थित होनी चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि खिलाड़ियों का चयन केवल उनकी प्रतिभा और प्रदर्शन के आधार पर किया जाएगा।
खेल मैदान और सुविधाओं को लेकर प्रशासन गंभीर
मैदान, खेल सामग्री और चिकित्सा व्यवस्था पर विशेष जोर दिया जाएगा। बैठक में निर्णय लिया गया कि प्रतियोगिता शुरू होने से पहले सभी खेल मैदानों को दुरुस्त किया जाएगा तथा खिलाड़ियों के लिए गुणवत्तापूर्ण खेल सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही शुद्ध पेयजल, पौष्टिक भोजन और प्राथमिक उपचार (फर्स्ट एड) की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
बालिका खिलाड़ियों की सुरक्षा को प्राथमिकता
महिला शिक्षकों की उपस्थिति रहेगी अनिवार्य, अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि प्रतियोगिता के दौरान बालिका खिलाड़ियों के साथ महिला शिक्षकों की उपस्थिति अनिवार्य रूप से सुनिश्चित की जाए, ताकि उन्हें सुरक्षित और बेहतर वातावरण मिल सके।
ऑनलाइन पंजीयन समय सीमा में पूरा करने के निर्देश
बैठक में सभी जिला खेल अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी खिलाड़ियों का ऑनलाइन पंजीयन पूरा कराया जाए, जिससे चयन प्रक्रिया में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
जारी हुआ संभागीय खेल कैलेंडर 2026-27
बैठक के समापन अवसर पर शहडोल संभाग में आयोजित होने वाली विभिन्न खेल विधाओं की चयन प्रतियोगिताओं का आधिकारिक खेल कैलेंडर 2026-27 जारी किया गया। संयुक्त संचालक ने सभी जिला खेल अधिकारियों को समय-सीमा के अनुसार तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए।