दैनिक भारती धनपुरी। दक्षिण पूर्वी कोलफील्ड्स लिमिटेड एसईसीएल के सोहागपुर क्षेत्र स्थित व्यावसायिक प्रशिक्षण केंद्र वीटीसी ने मंगलवार को एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि अपने नाम की। कोल इंडिया लिमिटेड के महाप्रबंधक सुरक्षा एवं खान बचाव के. मेरे ने 4 अगस्त को प्रशिक्षण केंद्र का विस्तृत निरीक्षण किया और यहां उपलब्ध आधुनिक प्रशिक्षण सुविधाओं, सुरक्षा संसाधनों तथा प्रशिक्षण व्यवस्था की मुक्तकंठ से प्रशंसा की। प्रशिक्षण केंद्र पहुंचने पर पूर्व प्रशिक्षण अधिकारी गोविंद कुमार सिंगल ने के मेरे का गुलदस्ता, शॉल एवं श्रीफल भेंट कर आत्मीय स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने केंद्र की गतिविधियों एवं उपलब्धियों की जानकारी दी। निरीक्षण के दौरान के मेरे ने सेल्फ असेसमेंट रूम, ट्रेनिंग गैलरी, वर्किंग मॉडल रूम, सिलाई प्रशिक्षण केंद्र, स्पेशल क्लासरूम, रसोईघर तथा गैस चौंबर सहित सभी प्रमुख प्रशिक्षण इकाइयों का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने प्रशिक्षण के आधुनिक तरीकों, सुरक्षा मानकों और व्यावहारिक शिक्षण व्यवस्था की सराहना करते हुए कहा कि यह केंद्र वर्तमान समय की सभी आवश्यक सुविधाओं से सुसज्जित हो रहा है और निकट भविष्य में कोल इंडिया के सर्वश्रेष्ठ एवं आधुनिक प्रशिक्षण केंद्रों में अपनी विशिष्ट पहचान बनाएगा। उन्होंने कहा कि सुरक्षित एवं दक्ष खनन के लिए गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण सबसे महत्वपूर्ण आधार है और सोहागपुर का यह प्रशिक्षण केंद्र उस दिशा में उत्कृष्ट कार्य कर रहा है। यहां विकसित की गई व्यवस्थाएं कर्मचारियों और प्रशिक्षुओं के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होंगी। महाप्रबंधक के. मेरे ने क्षेत्रीय महाप्रबंधक बी. के. जैना एवं महाप्रबंधक (संचालन) मनीष श्रीवास्तव को प्रशिक्षण केंद्र के विकास और सफल संचालन के लिए शुभकामनाएं प्रेषित कीं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रबंधन के मार्गदर्शन में यह केंद्र भविष्य में कोल इंडिया के लिए एक आदर्श प्रशिक्षण संस्थान बनेगा। व्यावसायिक प्रशिक्षण केंद्र के समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों की कार्यनिष्ठा की भी सराहना करते हुए उनके सफल संचालन के लिए शुभकामनाएं दीं। साथ ही पूर्व प्रशिक्षण अधिकारी गोविंद कुमार सिंगल के योगदान की विशेष प्रशंसा करते हुए कहा कि उनके प्रयासों से प्रशिक्षण केंद्र की गुणवत्ता और कार्यप्रणाली को नई दिशा मिली है। निरीक्षण के दौरान प्रशिक्षण गतिविधियों, सुरक्षा प्रबंधन, भविष्य की योजनाओं तथा प्रशिक्षण के आधुनिकीकरण पर भी विस्तार से चर्चा हुई। अधिकारियों ने विश्वास व्यक्त किया कि अत्याधुनिक सुविधाओं और निरंतर नवाचार के बल पर सोहागपुर व्यावसायिक प्रशिक्षण केंद्र आने वाले वर्षों में कोल इंडिया के प्रशिक्षण मानचित्र पर एक उत्कृष्ट और अनुकरणीय संस्थान के रूप में स्थापित होगा।