मां काली मंदिर सिंहपुर लोक न्यास की नई कार्यसमिति का गठन, शिवनारायण द्विवेदी बने अध्यक्ष

दैनिक भारती शहडोल। अनुविभागीय अधिकारी एवं पंजीयक लोक न्यास, सोहागपुर द्वारा मध्यप्रदेश लोक न्यास अधिनियम, 1951 के अंतर्गत पंजीकृत मां काली मंदिर सिंहपुर एवं परिसर लोक न्यास की नई कार्यसमिति का गठन कर दिया गया है। जारी आदेश के अनुसार मंदिर ट्रस्ट की सदस्यता के लिए निर्धारित प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद 15 जुलाई को सामान्य सभा आयोजित की गई, जिसमें सर्वसम्मति से नई कार्यकारिणी का चयन किया गया। नई कार्यसमिति में शिवनारायण द्विवेदी को अध्यक्ष, मनीष शुक्ला को उपाध्यक्ष, श्रवण श्रीवास्तव को सह सचिव, दीपेश तिवारी को सह कोषाध्यक्ष तथा जगदीश प्रसाद तिवारी को स्थायी सदस्य चुना गया। आदेश में कहा गया है कि नवगठित कार्यसमिति मां काली मंदिर सिंहपुर एवं परिसर की समस्त आवश्यक व्यवस्थाओं का संचालन करेगी। साथ ही तहसीलदार सोहागपुर एवं नायब तहसीलदार सिंहपुर के सहयोग से मंदिर ट्रस्ट के संचालन को सुव्यवस्थित किया जाएगा। अनुविभागीय अधिकारी एवं पंजीयक लोक न्यास ने निर्देश दिए हैं कि मां काली मंदिर लोक न्यास के नाम से बैंक खाता एवं क्यूआर स्कैनर शीघ्र खोला जाए तथा ट्रस्ट की समस्त आय-व्यय संबंधी वित्तीय गतिविधियां ऑनलाइन बैंक खाते के माध्यम से पारदर्शी तरीके से संचालित की जाएं। इस संबंध में आदेश की प्रतिलिपि कलेक्टर शहडोल, तहसीलदार सोहागपुर एवं संबंधित पक्षों को आवश्यक कार्यवाही एवं जानकारी के लिए प्रेषित की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *