
दैनिक भारती शहडोल। गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर भारत विकास परिषद, मुख्य शाखा शहडोल द्वारा स्थानीय बेल वेदर इंटरनेशनल स्कूल में “गुरु वंदन-छात्र अभिनंदन” कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। समारोह में गुरु और शिष्य के अटूट संबंध, सम्मान और समर्पण की भावना को विशेष रूप से रेखांकित किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकगण, परिषद के सदस्य एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ। विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती जयनिश तिवारी, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों की उपस्थिति में परिषद के सदस्यों ने कार्यक्रम की शुरुआत की। इसके बाद विद्यालय के छात्रों ने परिषद के अतिथियों का तिलक लगाकर एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए परिषद की संरक्षक श्रीमती मेघा पवार ने विद्यार्थियों को पौराणिक कथाओं के माध्यम से गुरु के महत्व से अवगत कराया। उन्होंने बच्चों को गुरु, माता-पिता, नारी शक्ति एवं समाज के वरिष्ठजनों के सम्मान का संकल्प दिलाया। वहीं परिषद के सचिव डॉ. प्रशांत बाबू खरया ने विद्यार्थियों को गुरुओं के मार्गदर्शन का अनुसरण करने के लिए प्रेरित करते हुए शिक्षकों से बच्चों को प्रेम और स्नेह के साथ शिक्षित करने का आग्रह किया।
समारोह के दौरान विद्यार्थियों द्वारा सभी शिक्षकों का तिलक वंदन कर सम्मान किया गया तथा उन्हें पेन और “भारत को जानो” पुस्तक भेंट की गई। इसके साथ ही शैक्षणिक सत्र 2025-26 में कक्षा पांचवीं से नौवीं तक प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को मेडल, प्रमाण-पत्र, पेन और पुस्तकें देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर उज्ज्वल मेघा पवार द्वारा विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती जयनिश तिवारी को शाल, श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के समापन पर परिषद के वरिष्ठ सदस्य रविशंकर पाठक ने विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में संयोजिका श्रीमती रचना मिश्रा की विशेष भूमिका रही। समारोह में श्रीमती मेघा पवार, उज्ज्वल पवार, रविशंकर पाठक, शैलेश ताम्रकार, आलोक खोडियार, डॉ. प्रशांत बाबू खरया, कपिल खोडियार सहित भारत विकास परिषद के अनेक सदस्य उपस्थित रहे। पूरे कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों और शिक्षकों का उत्साह देखते ही बन रहा था।