
दैनिक भारती शहडोल। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन एवं प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में महिलाओं को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से लगातार योजनाएं एवं नवाचार किए जा रहे है। वर्तमान समय में महिलाएं हर क्षेत्र में पुरुषों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर आगे बढ़ रही है। महिलाएं केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित योजनाओं का लाभ लेकर सशक्त और आत्मनिर्भरता की राह पर अग्रसर है, अब समाज में महिलाओं का एक अलग पहचान और सम्मान मिल रहा है। मध्यप्रदेश आजीविका मिशन के अंतर्गत संचालित स्व. सहायता समूह में जुड़कर प्रदेश की लाखों महिलाएं आजीविका दीदी कैफे, सिलाई सेंटर, दुकान आदि व्यवसाय प्रारंभ कर अपने पैरों में खड़ी हुई वहीं लखपति बनने का सपना पूरा हुआ। मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत शिवम प्रजापति के मार्गदर्शन में आजीविका मिशन के सहयोग से जिले की 6 किसान दीदियों ने 9 जुलाई से 15 जुलाई के मध्य गुजरात के भुज जिले में एक्सपोजर विजिट किया। विजिट के दौरान किसान दीदियों ने ड्रैगन फ्रूट की खेती से संबंधित विभिन्न पहलुओं, जैसे पौधरोपण, सिंचाई प्रबंधन, पोषण प्रबंधन, रोग एवं कीट नियंत्रण, फसल रखरखाव तथा विपणन की प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। विशेषज्ञों एवं प्रगतिशील किसानों के साथ संवाद कर उन्होंने खेती की नवीन तकनीकों और सफल अनुभवों को भी जाना। एक्सपोजर विजिट का उद्देश्य किसान दीदियों को आधुनिक कृषि पद्धतियों से जोड़ना, उनकी आय बढ़ाने के नए अवसर उपलब्ध कराना तथा अपने-अपने क्षेत्रों में ड्रैगन फ्रूट जैसी लाभकारी फसलों को अपनाने के लिए प्रेरित करना है। इससे ग्रामीण महिलाओं की आजीविका सशक्त होने के साथ-साथ कृषि क्षेत्र में नवाचार को भी बढ़ावा मिलेगा। एक्सपोजर विजिट का आयोजन प्रदान संस्था द्वारा आजीविका मिशन के सहयोग से किया गया। जिसमें 6 किसान महिलाएं, आजीविका मिशन के 2 नोडल एवं प्रदान संस्था के 1 प्रतिनिधि शामिल रहे।