
दैनिक भारती उमरिया। बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के धमोखर रेंज में शुक्रवार को एक मादा बाघ शावक मृत अवस्था में मिला है। वन्यजीव स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजेश तोमर द्वारा किए गए प्राथमिक परीक्षण में शावक के सर की हड्डियों में फ्रैक्चर होना पाया गया है।इसके साथ ही मृत शरीर पर नाखून और दांत के निशान भी मिलने की बात कही जा रही है। इन प्रारंभिक तथ्यों ने शावक की मौत को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। बताया जाता है कि शुक्रवार को धमोखर रेंज अंतर्गत बीट धमोखर की सीमा से लगभग 500 मीटर दूर ग्राम चापर के राजस्व क्षेत्र में मिले शावक के शव की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र को सुरक्षा घेरे में लेकर जांच शुरू कर दी गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के क्षेत्र संचालक डॉ.अनुपम सहाय स्वयं घटनास्थल पहुंचे और निरीक्षण किया।वन्यजीव स्वास्थ्य अधिकारी के मौके पर पहुंचने से पहले डॉग स्क्वाड द्वारा इलाके की सघन सर्चिंग कराई गई तथा मेटल डिटेक्टर से भी पूरे क्षेत्र की जांच की गई।वन विभाग की माने तो जांच के दौरान कोई भी संदिग्ध या अस्वाभाविक वस्तु घटना स्थल पर बरामद नहीं हुई।बताया जाता है कि शावक के शव को सुरक्षित रख लिया गया है।