विश्वविद्यालय में मानसिक स्वास्थ्य एवं कल्याण विषय पर छात्रों को दिया प्रशिक्षण

दैनिक भारती शहडोल। आयुक्त, उच्च शिक्षा मध्यप्रदेश, भोपाल के निर्देशानुसार तथा माननीय सर्वोच्च न्यायालय के आदेशों के अनुपालन में पंडित शंभूनाथ शुक्ल विश्वविद्यालय, शहडोल में विद्यार्थियों के मानसिक स्वास्थ्य एवं कल्याण विषय पर विश्वविद्यालय के समस्त फैकल्टी सदस्यों एवं कर्मचारियों के लिए ऑनलाइन प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन विश्वविद्यालय परिसर एवं नवलपुर परिसर में एक साथ किया गया, जिसमें शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम के प्रारंभ में कुलगुरु प्रो. राम शंकर ने अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में कहा कि विद्यार्थियों का मानसिक स्वास्थ्य केवल शैक्षणिक विषय नहीं, बल्कि सामाजिक एवं मानवीय दायित्व भी है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक शिक्षक एवं कर्मचारी को विद्यार्थियों के प्रति संवेदनशील, सहयोगी एवं मार्गदर्शक की भूमिका निभानी चाहिए, ताकि आवश्यकता पड़ने पर समय रहते उचित सहायता उपलब्ध कराई जा सके। उन्होंने कहा कि स्वस्थ मानसिक वातावरण ही गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की आधारशिला है और विश्वविद्यालय इस दिशा में निरंतर कार्य करता रहेगा इस अवसर पर प्रो. प्रवीण शर्मा ने अपने उद्बोधन में कहा कि वर्तमान प्रतिस्पर्धात्मक परिवेश में विद्यार्थियों पर बढ़ते मानसिक दबाव को देखते हुए ऐसे प्रशिक्षण अत्यंत उपयोगी हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षकों को विद्यार्थियों की समस्याओं को समझते हुए सकारात्मक संवाद, परामर्श एवं प्रेरणा का वातावरण तैयार करना चाहिए, जिससे उनका आत्मविश्वास एवं मनोबल बढ़ सके। प्रशिक्षण के दौरान विशेषज्ञों द्वारा विद्यार्थियों के मानसिक स्वास्थ्य, तनाव प्रबंधन, भावनात्मक सहयोग, आत्महत्या की रोकथाम, समय पर परामर्श एवं संवेदनशील व्यवहार जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से जानकारी प्रदान की गई। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के समस्त फैकल्टी सदस्यों एवं कर्मचारियों ने सक्रिय सहभागिता करते हुए प्रशिक्षण का लाभ प्राप्त किया। कार्यक्रम के अंत में कुलसचिव डॉ. आशीष तिवारी ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत करते हुए आयुक्त उच्च शिक्षा विभाग, विशेषज्ञ वक्ताओं तथा प्रशिक्षण में सहभागिता करने वाले सभी शिक्षकों एवं कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय विद्यार्थियों के मानसिक स्वास्थ्य एवं कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए भविष्य में भी ऐसे जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रमों का आयोजन करता रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *