बाजार से लौट रही बुजुर्ग महिला की धारदार हथियार से हत्या, नदी किनारे मिला खून से लथपथ शव

दैनिक भारती शहडोल। जिले के जयसिंहनगर थाना क्षेत्र में सोमवार को एक 60 वर्षीय बुजुर्ग महिला की धारदार हथियार से हत्या कर दिए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बाजार से घर लौटते समय रास्ते में कुल्हाड़ियां नदी के पास महिला का खून से लथपथ शव मिलने से पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और अज्ञात आरोपी के विरुद्ध हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

बाजार गई थीं, देर शाम तक नहीं लौटीं

पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान गेंदा बाई यादव (60 वर्ष), पत्नी ललुआ यादव, निवासी ग्राम कनाड़ी के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि गेंदा बाई सोमवार को आवश्यक सामान खरीदने के लिए बाजार गई थीं, लेकिन देर शाम तक घर वापस नहीं लौटीं। इसके बाद परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की।

नदी किनारे मिला शव, गांव में मचा हड़कंप

इसी दौरान गांव की एक महिला बाजार से लौटते समय कुल्हाड़ियां नदी के समीप पहुंची तो उसने गेंदा बाई का शव खून से लथपथ हालत में पड़ा देखा। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।

गर्दन पर धारदार हथियार के मिले निशान

सूचना मिलने पर जयसिंहनगर थाना पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को कब्जे में लिया। पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। प्रारंभिक जांच में महिला की गर्दन पर धारदार हथियार से वार किए जाने के निशान मिले हैं, जिससे हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है।

पुलिस हर पहलू से कर रही जांच

पुलिस ने अज्ञात आरोपी के विरुद्ध हत्या का प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं तथा आसपास के लोगों से पूछताछ कर हत्या के कारणों और आरोपी की तलाश की जा रही है।

जादू-टोना की चर्चा, पुलिस ने नहीं की पुष्टि

घटना के बाद ग्रामीणों के बीच हत्या के पीछे जादू-टोना से जुड़े विवाद की चर्चाएं चल रही हैं। हालांकि पुलिस ने ऐसी किसी भी संभावना की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। जांच पूरी होने के बाद ही हत्या के वास्तविक कारणों का खुलासा किया जाएगा।

इलाके में दहशत, जल्द खुलासे की मांग

दिनदहाड़े हुई इस जघन्य वारदात से क्षेत्र में भय और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से शीघ्र आरोपियों की गिरफ्तारी कर मामले का खुलासा करने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *