मासूम बछड़े के साथ कथित क्रूरता का मामला, नंदी गौ सेवा धाम ने दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की उठाई मांग

दैनिक भारती शहडोल। जिले के सिंहपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत कठौतिया गांव में गौ माता के एक मासूम बछड़े के साथ कथित रूप से क्रूरता किए जाने का मामला सामने आया है। घटना की जानकारी मिलते ही नंदी गौ सेवा धाम के पदाधिकारी एवं गौसेवक मौके पर पहुंचे और घायल बछड़े को प्राथमिक सहायता उपलब्ध कराते हुए सिंहपुर थाना पहुंचकर दोषी के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग करते हुए ज्ञापन सौंपा।

घटना से गौसेवकों में आक्रोश

प्राप्त जानकारी के अनुसार, कठौतिया गांव में एक मासूम बछड़े के साथ कथित रूप से अमानवीय व्यवहार किए जाने की सूचना मिलने पर नंदी गौ सेवा धाम के सदस्य तत्काल घटनास्थल पहुंचे। घायल बछड़े की स्थिति देखकर गौसेवकों ने गहरा दुख एवं आक्रोश व्यक्त किया और मामले में दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की।

पशु क्रूरता अधिनियम के तहत कार्रवाई की मांग

नंदी गौ सेवा धाम एवं वार्ड पार्षद सुशील (सिल्लू) रजक के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने सिंहपुर थाना प्रभारी को लिखित शिकायत सौंपते हुए मांग की कि यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित दोषी के विरुद्ध पशु क्रूरता निवारण अधिनियम एवं अन्य प्रासंगिक धाराओं के तहत कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

गौसेवकों ने की मूक प्राणियों की सुरक्षा की अपील

ज्ञापन सौंपने वालों में सुशील (सिल्लू) रजक, अविनाश मिश्रा, विकास जोतवानी, अमन यादव, नितिन सूरी, पिंकू रजक सहित नंदी गौ सेवा धाम के अनेक सदस्य एवं गौसेवक उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में कहा कि बेजुबान पशु अपनी पीड़ा व्यक्त नहीं कर सकते, इसलिए उनकी रक्षा करना समाज का नैतिक और मानवीय दायित्व है।

पुलिस से निष्पक्ष जांच की अपेक्षा

गौसेवकों ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने वालों के विरुद्ध कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। उनका कहना है कि ऐसी घटनाओं पर प्रभावी कार्रवाई होने से मूक प्राणियों के प्रति क्रूरता करने वालों में कानून का भय उत्पन्न होगा और पशु संरक्षण को मजबूती मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *