ड्रिंक एंड ड्राइव में यातायात विभाग ने फिर की कार्यवाही, 2 ट्रक 1 कार जब्त, चालकों को किया न्यायालय में पेश

दैनिक भारती अनूपपुर। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस अधीक्षक विक्रांत मुराब के निर्देश पर जिले में शराब पीकर वाहन चलाने वालों के विरुद्ध लगातार सख्त कार्यवाही जारी है। इसी क्रम में यातायात पुलिस अनूपपुर ने एक बार फिर ड्रिंक एंड ड्राइव अभियान के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए 2 ट्रक एवं 1 कार जब्त कर उनके चालकों को न्यायालय में प्रस्तुत किया। कार्यवाही के दौरान ट्रक क्रमांक एम पी 18 जीए 4881, ट्रक क्रमांक सीजी 31 सी 5368 तथा कार क्रमांक जीजे 01 ई टी 0035 के चालक शराब के नशे में वाहन चलाते पाए गए। सभी के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत वैधानिक कार्यवाही करते हुए वाहनों को जब्त कर न्यायालय में पेश किया गया। यातायात पुलिस अनूपपुर द्वारा पूर्व में भी ड्रिंक एंड ड्राइव के मामलों में कई वाहनों को जब्त कर चालकों के विरुद्ध न्यायालयीन कार्यवाही की जा चुकी है। पुलिस का यह विशेष अभियान लगातार जारी है और नियमों की अवहेलना करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध भविष्य में भी कठोर कार्यवाही की जाएगी। अनूपपुर यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि शराब का सेवन करने के बाद किसी भी परिस्थिति में वाहन न चलाएं।आपकी एक छोटी सी लापरवाही कई परिवारों की खुशियां छीन सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *