
दैनिक भारती बुढ़ार (मोहन नामदेव)। मध्य प्रदेश शासन, उच्च शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार सत्र 2026-27 में नवप्रवेशित छात्र-छात्राओं के स्वागत तीन दिवसीय प्रवेश उत्सव का आयोजन प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस शासकीय नेहरू स्नातकोत्तर महाविद्यालय, बुढ़ार में किया गया। कार्यक्रम महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ गंगा मिश्रा की अध्यक्षता में आयोजित किया गया। कार्यक्रम के प्रथम दिवस नवप्रवेशित छात्र-छात्राओं का तिलक लगाकर आत्मीय स्वागत किया गया। इस अवसर पर प्राचार्य प्रो. गंगा मिश्रा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहाकि – अनुशासन, नैतिकता, संस्कार एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के माध्यम से विद्यार्थी न केवल अपना और अपने परिवार का, बल्कि महाविद्यालय का भी नाम रोशन करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से नियमित अध्ययन एवं महाविद्यालयीन गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता का आह्वान किया। महाविद्यालय के प्राध्यापकों एवं शैक्षणिक तथा गैर-शैक्षणिक कर्मचारियों ने विद्यार्थियों को अपने-अपने विषयों, विभागों तथा महाविद्यालय की अधोसंरचना एवं उपलब्ध सुविधाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की। कार्यक्रम के द्वितीय दिवस नवप्रवेशित विद्यार्थियों को महाविद्यालय की लाइब्रेरी, प्रयोगशालाओं, स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, छात्रावास एवं कार्यालय का भ्रमण कराया, साथ ही छात्रवृत्ति, आवास योजना, प्रतिभा किरण योजना, गांव की बेटी योजना सहित विभिन्न शासकीय योजनाओं की जानकारी भी दी गई, एवं तृतीय दिवस महाविद्यालय के वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ अनिल उपाध्याय ने विद्यार्थियों को मानसिक स्वास्थय के विषय पर मार्गदर्शन दिया। उन्होंने मानसिक स्वास्थय के प्रति जागरूक रहने, नशीले पदार्थों से दूर रहने तथा योग एवं ध्यान को दैनिक जीवन में अपनाने का संदेश दिया। इस अवसर पर विद्यार्थियों के लिए योग एवं ध्यान का सत्र भी आयोजित किया गया। कार्यक्रम में वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ अनिल उपाध्याय, प्रो. किरण सिंह, प्रो एन मानिकपुरी, प्रो. विनय सोनवानी, सहायक प्राध्यापक आरसी त्रिपाठी, डॉ मनोज कुजूर, डॉ एसएन प्रजापति, डॉ अनूप सेन, डॉ राधेश्याम नापित, डॉ दिनेश वर्मा, डॉ ममता द्विवेदी, डॉ जयशंकर सिंह, शशि मोहन सेन, दीपक पटेल, कमलेश प्रजापति, रानू सोनी एवं डॉ. निपेंद्र सिंह करचूली सहित महाविद्यालय के समस्त शैक्षणिक एवं महाविद्यालयीन स्टाफ की उपस्थिति रही।