42 वर्षों की गौरवपूर्ण शैक्षणिक यात्रा पूर्ण कर प्रो. सुनीता वाथरे सेवानिवृत्त

दैनिक भारती शहडोल। पंडित शंभूनाथ शुक्ला विश्वविद्यालय, शहडोल के कला संकाय की संकायाध्यक्ष एवं अर्थशास्त्र विभाग की विभागाध्यक्ष प्रो. सुनीता वाथरे को उनके 42 वर्षों के गौरवपूर्ण शैक्षणिक एवं प्रशासनिक योगदान के उपरांत सेवानिवृत्ति पर अर्थशास्त्र विभाग द्वारा भावभीनी विदाई दी गई। उन्होंने 30 जून को अपनी दीर्घ एवं उत्कृष्ट सेवाओं का सफलतापूर्वक निर्वहन करते हुए सेवानिवृत्ति प्राप्त की। इस अवसर पर आयोजित सम्मान समारोह में अर्थशास्त्र विभाग के प्राध्यापक डॉ. अंजनी सूर्यवंशी ने प्रो. वाथरे का पुष्पगुच्छ, शाल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मान किया। वक्ताओं ने उनके समर्पण, अनुशासन, कुशल नेतृत्व एवं विद्यार्थियों के प्रति उनकी आत्मीयता की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने अपने सेवाकाल में विश्वविद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता एवं विभागीय विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उनका व्यक्तित्व एवं कार्यशैली आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत रहेगी। समारोह में परिसर प्रभारी प्रो. गीता सराफ, राजनीति विज्ञान विभागाध्यक्ष प्रो. चेतना सिंह, अंग्रेजी विभागाध्यक्ष प्रो. मनीषा तिवारी, डॉ. पूर्णिमा शर्मा, डॉ. नीलेश शर्मा, डॉ. संतोष पुरी, मोहम्मद इस्लाम खान, डॉ. दिलीप तिवारी तथा सुरेंद्र बारगाही सहित विभाग के प्राध्यापक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने प्रो. सुनीता वाथरे के स्वस्थ, सुखद एवं सक्रिय जीवन की कामना करते हुए उन्हें भावभीनी शुभकामनाओं के साथ विदाई दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *