
दैनिक भारती जयसिंहनगर। विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी नवदुर्गा उत्सव समिति ग्राम कनाड़ी खुर्द द्वारा नवरात्रि के पावन पर्व पर संगीतमय श्रीराम कथा महायज्ञ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत नवरात्रि की बैठकी अर्थात् 11 अक्टूबर 2026 को भव्य कलश यात्रा के साथ हुई। कार्यक्रम का भव्य आयोजन कथा व्यास देवी श्रीजी पयासी के मुखारविंद से आयोजित हुई जिसमें यज्ञाचार्य पंडित रामप्रकाश शुक्ल एवं धर्मोपदेशक आचार्य धर्मेन्द्र जी महाराज का सानिध्य प्राप्त हुआ। इस आयोजन में नवदुर्गा उत्सव समिति कनाड़ी खुर्द बस स्टैंड के समस्त सदस्यों एवं ग्रामवासियों ने अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया। ग्रामवासियों ने बताया कि नवरात्रि में विगत कुछ वर्षों से लगातार ऐसे धार्मिक आयोजन किए जा रहे हैं। ऐसे सभी धार्मिक आयोजनों में ग्रामीणजन उत्साहपूर्वक हिस्सा लेते हुए, कार्यक्रम के आयोजन में सहयोग करते हैं। कार्यक्रम में आज विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। कथा के अन्तिम दिवस जिला पंचायत सदस्य पुष्पा नंदू शर्मा द्वारा व्यास पीठ एवं संगीतकारों को शॉल भेंटकर सम्मानित किया गया। इस दौरान हजारों की संख्या में भक्त कथा का रसपान करने पहुंचे।