बांधवगढ टाईगर रिजर्व में इस साल पहुंचे 2 लाख पर्यटक

दैनिक भारती उमरिया। विश्व प्रसिद्ध बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में इस पर्यटन सत्र के दौरान रिकॉर्ड संख्या में पर्यटक पहुंचे। इस साल दो लाख से अधिक पर्यटकों ने रिजर्व का भ्रमण किया, जो पिछले साल की तुलना में लगभग 30 हजार अधिक है। पर्यटन गतिविधियों से इस सत्र में 19 करोड़ रुपये से अधिक का राजस्व अर्जित हुआ है। यह आंकड़ा पिछले वर्ष की तुलना में करीब तीन करोड़ रुपए ज्यादा बताया गया है। टाइगर रिजर्व के क्षेत्र संचालक अनुपम सहाय के अनुसार मंगलवार शाम इस पर्यटन सत्र की अंतिम सफारी होगी। इसके बाद 1 जुलाई से 30 सितंबर तक मानसून सीजन के कारण कोर एरिया (ताला, मगधी और खितौली जोन) पर्यटकों के लिए बंद रहेगा। यहां सफारी का संचालन 1 अक्टूबर से दोबारा शुरू किया जाएगा। इस सत्र में पर्यटकों को बाघों के साथ-साथ तेंदुआ, भालू, जंगली हाथी, गौर, चीतल और सांभर जैसे वन्यजीवों के भी दर्शन हुए। बेहतर वन्यजीव दृश्य और प्राकृतिक वातावरण के कारण देश-विदेश से बड़ी संख्या में पर्यटक यहां पहुंचे, जिससे पर्यटन और राजस्व दोनों में बढ़ोतरी दर्ज की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *